बीबीसी के मशहूर पत्रकार और लेखक Mark Tully का जब निधन हुआ तो हिंदी मीडिया ने उनका नाम दो तरह से लिखा – कुछ ने मार्क टुली और कुछ ने मार्क टली। सही क्या है, जानने के लिए आगे पढ़ें।
Mark Tully को मार्क टुली लिखने वालों में हैं NDTV हिंदी, Zee News और जागरण ।
मार्क टली लिखने वालों में हैं दैनिक भास्कर, हिंदुस्तान, नवभारत टाइम्स, आजतक, ABP News और बीबीसी।
अमर उजाला और पत्रिका न्यूज़ इस मामले में निराले हैं कि उनकी एक ख़बर में टुली छपा है, दूसरी में टली।
सही क्या है, यह पता लगाना आसान है। आपको बस यह देखना है कि बीबीसी में क्या लिखा जा रहा है। इसलिए नहीं कि बीबीसी में हमेशा सही और शुद्ध वर्तनी छपती है बल्कि इसलिए कि वह बीबीसी के पत्रकार थे। इसलिए बीबीसी में जो छपा है, वही सही होना चाहिए। देखें, नीचे की तस्वीर में बीबीसी ने क्या लिखा है।

यानी सही उच्चारण होगा मार्क टली।
Mark Tully को कुछ लोग मार्क टुली शायद इसलिए लिखते या बोलते हैं कि Tully से मिलते-जुलते कुछ शब्दों में u का उच्चारण ‘उ’ है। जैसे Bully=बुली, Fully=फ़ुली (फ़ुल्ली ग़लत उच्चारण है)।
इसी तरह Bull (बुल) और Full (फ़ुल) में भी U का उच्चारण ‘उ’ होता है।
लेकिन ये अपवाद हैं।
अंग्रेज़ी में U का उच्चारण आम तौर पर ‘अ’ ही होता है, ख़ासकर तब जब U दो या अधिक कॉन्सनंट्स (व्यंजनों) के बीच में हो (CUC की स्थिति) और वह स्ट्रेस वाले हिस्से में हो। आप Bull और Full से मिलते-जुलते और शब्द देखें। इन सबमें U का उच्चारण ‘अ’ होता है।
- Cull=कल
- Dull=डल
- Gull=गल
- Hull=हल
- Lull=लल
- Mull=मल
- Null=नल
- Sull=सल
- Skull=स्कल

2 replies on “बीबीसी के मशहूर पत्रकार – मार्क टुली या मार्क टली?”
Kahan anunaasik istemaal hoga aur kahan anuswaar, uss par bhi koi post hai kya?
नमस्ते। जहाँ बोलने पर ङ्,ञ्,न्,म् आदि का उच्चारण हो, वहाँ बिंदी लग सकती है। जहाँ बोलने पर कौए के काँव-काँव या गाय के बाँ-बाँ या बकरी की में-में जैसी आवाज़ हो, वहाँ चंद्रबिंदु। हंस और हँस से आप इसे समझ सकते हैं। हंस को हन्स बोला जाता है लेकिन हँसना को हन्सना नहीं बोलते।