2025 के लिए Nobel पुरस्कारों की घोषणा होनी शुरू हो गई है। हिंदी मीडिया में इसकी ख़बरें भी आ रही हैं लेकिन कोई इसे नोबल लिख रहा है तो कोई नोबेल। सही क्या है, आज इसी पर चर्चा की है। रुचि हो तो आगे पढ़ें।
हिंदी मीडिया में NOBEL दो प्रकार से लिखा जाता है।
ज़ी न्यूज़, आजतक, इंडिया.कॉम, न्यूज़ 24, लल्लनटॉप और जागरण जहाँ इसे नोबल लिखते हैं, वहीं DD न्यूज़, अमर उजाला, हिंदुस्तान, इंडिया टीवी, प्रभात ख़बर, पत्रिका न्यूज़, जनसत्ता और ABP न्यूज़ नोबेल शब्द का प्रयोग करते हैं।
नवभारत टाइम्स, News18, मिंट और NDTV हिंदी दोनों प्रयोग मिलते हैं। किसी ख़बर में नोबल तो किसी में नोबेल (देखें चित्र)।

सही है नोबेल क्योंकि जिस व्यक्ति के नाम पर यह पुरस्कार दिया जाता है, उनके सरनेम की स्पेलिंग है NOBEL, न कि NOBLE.
NOBLE (जिसका अर्थ है कुलीन या उदात्त) का उच्चारण होगा नोबल, लेकिन NOBEL का उच्चारण होगा नोबेल।
इसीलिए नोबेल पुरस्कार, न कि नोबल पुरस्कार।

One reply on “NOBEL पुरस्कार को क्या लिखें – नोबल या नोबेल?”
एनडीटीव़ी इन्डिया (क्योंकि आपने ही यह बताया है कि V के उच्चारण “व़” से स्पष्ट होना चाहिये जैसे कि video का व़िडियो होना) के जब मैनिजिंग एडिटर रवीश कुमार थे तब चैनल lower-thirds में Rafael को “रफ़ाल” लिखता था लेकिन वेबसाइट पर “राफेल”, “राफील”, आदि लिखा जा रहा है। हैरानी की बात तो यह है कि विकास भदौरिया नामक एक व्यक्ति (मैंने आज तक इस आदमी का नाम नहीं सुना है) तक Rafael का उच्चारण “राफेल” कर रहा है।
बर्बाद हो गया एनडीटीव़ी, कॉन्टेन्ट और भाषा दोनों के मामले में। इसके लिये अदाणी साहब ही ज़िम्मादार (“ज़िम्मेदार” नहीं क्योंकि यही मूल शब्द है) हैं।