Categories
इंग्लिश क्लास

EC8 : U का उच्चारण कब अ करेंगे और कब ऊ या यू?

अंग्रेज़ी उच्चारण की जटिलता के बारे में जब किसी को शिकायत करनी होती है तो वह But (बट) और Put (पुट) के उदाहरण देता है जिसमें एक में u का उच्चारण अ है जबकि दूसरे में उ। हिंदी मूवी ‘चुपके-चुपके’ में धर्मेंद्र ओमप्रकाश के सामने यही मुद्दा उठाते हुए अंग्रेज़ी को अवैज्ञानिक भाषा बताते हैं। लेकिन अंग्रेज़ी उतनी भी अवैज्ञानिक नहीं है। इसमें भी नियम हैं जो हम पिछली क्लासों में पढ़ चुके हैं। आज हम जानेंगे कि अंग्रेज़ी में u का उच्चारण कहाँ अ और कहाँ ऊ (यू) होगा। रुचि हो तो आगे पढ़ें।

लोग कहते हैं, इंग्लिश भी अजीब भाषा है, B-U-T से होता है बट लेकिन P-U-T से होता है पुट। बात सही है लेकिन यह अपवाद है। ज़्यादातर मामलों में But यानी CuC जैसे शब्दों में u का उच्चारण अ ही होगा। आइए, नीचे CVC के पैटर्न में चौथे व़ावल यानी U के उदाहरण देखते हैं:

CuC में U का उच्चारण है अ

नीचे दिए गए सभी शब्दों में U का उच्चारण अ है।

शब्दउच्चारणअर्थ
Upअपऊपर
Cutकटकाटना
Mumममचुप रहना 
Runरनदौड़ना
Gunगनबंदूक
Shutशटबंद करना 
Funफ़नमज़ा
Drumड्रमढोलक
Luckलकभाग्य
Jumpजंपकूदना

CuCe में U का उच्चारण है यू या ऊ

अब देखें कि CuC के बाद e लगने पर क्या होता है। उच्चारण हो जाएगा यू या ऊ। अधिकतर मामलों में उच्चारण होता है यू लेकिन पाँच ध्वनियों — च, र, ज, श और ल (याद रखें – चार जोशीले) — के बाद ऊ का उच्चारण होता है।  इसीलिए जो लोग Hu.mour (ह्यूम्अ) की तर्ज़ पर Ru.mour का भी वैसा ही उच्चारण करते हैं, वे ग़लती करते हैं। Ru.mour को रूमबोला जाएगा। इसके बारे में क्लास 80 में विस्तार से चर्चा की गई है (यह क्लास अभी अपलोड नहीं हुई है)।

आइए, कुछ उदाहरण देखते हैं।

शब्दउच्चारणअर्थ
Cuteक्यूटआकर्षक
Dupeड्यूपठगना
Tuneट्यूनधुन
Nudeन्यूडनग्न
Con.sumeकन्स्यूमउपभोग करना
Cat.e.chuकैटिचू/कैटिक्यूकत्था
Chuteशूटपैराशूट
Juneजूनछठे महीने का नाम
Juteजूटपटसन
Bruteब्रूटपाशविक
Rudeरूडरूखा
Truthट्रूथसच
Lubeलूबचिकनाई

अमेरिकी उच्चारण शैली में यू वाले ज़्यादातर मामलों में ऊ का उच्चारण किया जाएगा। कभी-कभी दोनों उच्चारण भी चलते हैं जैसे Tune का टून और ट्यून, Dupe का डूप और ड्यूप।

मैंने ऊपर Pure और Sure जैसे लोकप्रिय शब्दों का ज़िक्र नहीं किया है हालाँकि उनमें भी CuCe वाला पैटर्न है। जैसा कि पिछली क्लास में बताया था, किसी व़ावल के बाद r आता है तो उसका अलग ही उच्चारण होता है।  क्लास 17 और 31-33 में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई है।

इस क्लास का सबक़

CuC  वाले शब्दों में U का उच्चारण होता है अ और CuCe वाले शब्दों में U का उच्चारण होता है यू या ऊ।  , , , और वाली ध्वनियों के बाद u हो तो ज़्यादातर ऊ का ही उच्चारण होता है। बाक़ी मामलों में यू का उच्चारण होता है या दोनों उच्चारण चलते हैं। इसपर क्लास 80 में विस्तृत चर्चा की गई है।

अभ्यास

आज का कोई भी अंग्रेज़ी अख़बार निकालें और उसमें U वाले शब्दों को अंडरलाइन करें। फिर उनके उच्चारण का अंदाज़ा लगाएँ और डिक्श्नरी से मिलाएँ। कम से कम 50 शब्दों के आधार पर अपना टेस्ट लें। लंबे शब्दों को तोड़कर पढ़ें जैसे किसी बच्चे को बोलना सिखा रहे हों- जैसे Multifunctional को Mul.ti.func.tion.al में तोड़ें और फिर देखें।

चलते-चलते

सामान रखने के लिए हम आलमारी का उपयोग करते हैं। यह आलमारी Al.mi.rah से आया है जो कि पुर्तगाली शब्द है। अंग्रेज़ी में आलमारी के लिए Cup.board शब्द इस्तेमाल होता है। इसका उच्चारण भी बड़ा ग़ज़ब है — कबड। यानी p का प भी ग़ायब और r का र भी ग़ायब और -oa- का उच्चारण हो रहा है अ। पुर्तगाली से और भी शब्द हिंदी में आए हैं जैसे चाबी (Chave), बाल्टी (Balde) आदि।

(Visited 1,355 times, 3 visits today)
पसंद आया हो तो हमें फ़ॉलो और शेयर करें

3 replies on “EC8 : U का उच्चारण कब अ करेंगे और कब ऊ या यू?”

क्या आलिम और आलम में से आप पहले वाले को विद्वान और दूसरे वाले को दुनिया के अर्थ के लिए इस्तेमाल करेंगे या फिर इसमें भी पेंच है ?

जी हाँ। आलिम का मतलब ज्ञानी और आलम का अर्थ है दुनिया।

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial