Categories
Mispronounced English Words

CP44: A क्यों है Agree में ‘अ’ और Angry में ‘ऐ’?

Agree और Angry दो मिलते-जुलते शब्द हैं लेकिन इनमें शुरुआती A का उच्चारण एक में ‘अ’ है, दूसरे में ‘ऐ’। आप पूछेंगे – ऐसा क्यों? ऐसा इसलिए कि अंग्रेज़ी के स्ट्रेस संबंधी नियम के अनुसार अगर कोई शब्द जो A से शुरू हो रहा है, वह नाउन या ऐजिक्टिव है तो उसका उच्चारण भारी यानी ‘आ’, ‘ऑ’, ‘ए’ या ‘ऐ’ होगा जबकि यदि वह व़र्ब यानी क्रिया है तो उसका उच्चारण हलका यानी ‘अ’ या ‘इ’ होगा।

  • अब यह तो आप जानते ही होंगे कि A.gree व़र्ब यानी क्रिया है और An.gry ऐजिक्टिव़ यानी विशेषण है। ऐसे में ऊपर का नियम समझकर ख़ुद ही अंदाज़ा लगा लीजिए कि कहाँ A का उच्चारण क्या होगा। यदि अभी भी स्पष्ट न हुआ हो तो इस विषय में विस्तार से जानने के लिए आगे पढ़ें।

(यदि आप स्ट्रेस और सिल्अबल के बारे में जानते हैं तो आगे बढ़ें और नहीं जानते तो पहले उसके बारे में पढ़ें – EC44: सिल्अॅबॅल क्या है? पा….नी की तरह आसाँ है।)

आपको पता होगा कि अंग्रेज़ी उच्चारण के नियम नंबर 2 के अनुसार Ag.ree और An.gry जैसे दो सिल्अबल वाले शब्दों में स्ट्रेस इस तरह पड़ेगा।

  1. नाउन और ऐजिक्टिव़ के मामलों में स्ट्रेस पहले सिल्अबल पर पड़ेगा।
  2. व़र्ब के मामले में स्ट्रेस दूसरे सिल्अबल पर पड़ेगा।

इसका नतीजा क्या होगा? नतीजा यह होगा कि जिस सिल्अबल (स्वर) पर स्ट्रेस होगा, वह भारी बोला जाएगा और जिसपर नहीं होगा, वह हलका बोला जाएगा।

  • A के भारी उच्चारण हैं आ, ऑ, ए और ऐ।
  • A के हलके उच्चारण हैं छोटा अॅ और इ।

अब A.gree पर आते हैं। यह व़र्ब है। नियम के अनुसार स्ट्रेस दूसरे सिल्अबल पर पडे़गा यानी gree पर। उसमें मौजूद स्वर ee भारी होगा। उच्चारण होगा ई। लेकिन शुरू में जो A है, उसपर तो स्ट्रेस है नहीं। सो वह हलका होगा। उच्चारण होगा – छोटा अॅ। फ़ाइनल उच्चारण – अॅग्री

अब An.gry को देखते हैं। यह विशेषण है। नियम के अनुसार स्ट्रेस पहले सिल्अबल पर पड़ेगा यानी An पर। सो An में मौजूद स्वर A का भारी उच्चारण होगा – ऐ। अंत में मौजूद y का उच्चारण मध्यम इ (इ और ई के बीच का स्वर) होता है जो हिंदी में नहीं है। इसलिए उसे हम ई ही लिखते हैं। फ़ाइनल उच्चारण – ऐंग्री।

अब आप पूछेंगे कि An.gry का उच्चारण ऐंग्री क्यों है, एंग्री क्यों नहीं तो उसके लिए तो आपको CVC वाला चैप्टर पढ़ना होगा जो यहाँ नहीं पढ़ाया जा सकता। समय और रुचि हो तो पढ़ें – EC4 : क्या आप नाश्ते में साँप खाते हैं?

नीचे मैं कुछ शब्दों के उदाहरण दे रहा हूँ जिनमें दो सिल्अबल (स्वर या स्वर-समूह) हैं। देखिए कि व़र्ब (v) और नाउन (n) होने के कारण इन सबमें शुरुआती A का उच्चारण किस तरह प्रभावित हो रहा है।

व़र्ब यानी क्रिया

  • Attend (v) =अटेंड
  • Abide (v) =अबाइड
  • Allow (v) =अलाउ
  • Assume (v) =अस्यूम
  • Apply (v) =अप्लाइ

नाउन यानी संज्ञा

  • Album (n)=ऐल्बम
  • Agent (n)=एजंट
  • Actor (n)=ऐक्टर
  • Atom (n)=ऐटम
  • Able (n)=एबल

कुछ शब्द ऐसे भी हैं कि जब वे नाउन के तौर पर यूज़ होते हैं तो उनमें A का उच्चारण ‘ए’ या ‘ऐ’ होता है और व़र्ब के तौर पर होते हैं तो ‘अ’ होता है। एक उदाहरण देखें : Affect – अफ़ेक्ट (व़र्ब), ऐफ़ेक्ट (नाउन)। इसके बारे में और जानने के लिए पढ़ें – EC50: शब्द एक, उच्चारण दो, कारण है नियम नं. 2

शुरुआती A के बारे में और विस्तार से जानने के लिए पढ़ें –  EC47: हलका-भारी से जानें शुरुआती A का उच्चारण

पसंद आया हो तो हमें फ़ॉलो और शेयर करें

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial