Categories
आलिम सर की हिंदी क्लास शुद्ध-अशुद्ध

219. शब्द एक, स्पेलिंग छह, बहुत नाइंसाफ़ी है…

हो सकता है, यह चर्चा आपको अनावश्यक लगे क्योंकि आप सही शब्द जानते हों। मगर ऐसे कई लोग हैं, वह भी हिंदी मीडिया में जिन्हें सही शब्द का पता नहीं है। इसका प्रमाण उन वेबसाइटों पर मिल जाता है जहाँ ये सारे शब्द नज़र आते हैं (साथ का चित्र देखें)। इसलिए उन्हीं के लिए है आज की चर्चा। आप भी उनमें हों या न भी हों तो पढ़कर जान सकते हैं कि सही क्या है और क्यों है।

कहीं पर धराशायी, कहीं धराशाई। कहीं-कहीं धराशाही भी। इसी तरह धाराशाई, धाराशायी और धाराशाही भी लिखा नज़र आता है। इंटरनेट पर एक ही शब्द के इतने सारे रूप मिलते हैं और वह भी नामी वेबसाइटों पर। ऐसे में पाठकों का भ्रमित होना स्वाभाविक है कि जब एक ही शब्द के छह-छह रूप चल रहे हैं तो तय है कि सभी तो सही नहीं हो सकते। निश्चित रूप से उनमें से एक या दो रूप सही हैं और बाक़ी ग़लत।

वैसे तो मैं शब्दकोश के आधार पर सीधे बता सकता हूँ कि कौनसा शब्द सही है और कौनसा ग़लत लेकिन आज की चर्चा में मैं वह तरीक़ा भी बताना चाहता हूँ जिससे आप ख़ुद पता कर सकते हैं कि कौनसा शब्द सही हो सकता है। इसलिए शब्दकोश की सहायता के बिना इस चर्चा में आगे बढ़ते हैं।

आइए, आज की चर्चा के लिए हम इन छहों शब्दों के भीतर झाँकते हैं और पता करते हैं कि इस शब्द का जो अर्थ है, उसके आधार पर कौनसा शब्द सही हो सकता है।

ऊपर का चित्र फिर से देखें। इसमें जितने भी उदाहरण दिए गए हैं, उन सबमें इस्तेमाल किया शब्द चाहे जो हो, उन सबका का वांछित अर्थ है ज़मीन पर गिरना।

इन छह शब्दों को हम दो हिस्सों में बाँट सकते हैं। पहला हिस्सा जिसमें धरा है या धारा है। दूसरा हिस्सा जिसमें शायी है, शाई है या शाही है। अब हमें बस यह पता करना है कि 1. पहले हिस्से में धरा होगा या धारा और 2. दूसरे हिस्से में शायी होगा, शाई होगा या शाही। सिंपल।

पहले धरा और धारा को परखते हैं। अगर आप धरा (धरती या ज़मीन) का मतलब जानते होंगे तो आप तुरंत पकड़ लेंगे कि धारा नहीं, धरा ही सही होगा क्योंकि बात ज़मीन पर गिरने की हो रही है। धारा का यहाँ कोई मतलब नहीं बनता क्योंकि धारा का मतलब किसी चीज़ का लगातार बहना है। क्या कोई मकान या पुल गिरता है तो वह लगातार गिरता रहता है या एक बार गिरकर रुक जाता है?

अब शाही, शायी और शाई के बीच चयन करना है।

यह सही है कि धरा और धारा जितने सीधे और स्पष्ट अर्थों वाले शब्द हैं, शाही, शायी और शाई वैसे नहीं हैं। ऐसी स्थिति में जब आपको सीधे-सीधे किसी शब्द का अर्थ मालूम न हो तो उससे मिलता-जुलता शब्द खोजिए।

पहले शाही से मिलता-जुलता शब्द सोचिए। मेरे हिसाब से सबसे पहला शब्द जो दिमाग़ में आता है, वह है शाह। सोचिए कि इस शाह क्या अर्थ है और उसका किसी के ज़मीन पर गिरने से क्या रिश्ता हो सकता है!

शाह का अर्थ है राजा। यदि आपने कभी शतरंज खेला होगा तो आप जानते होंगे कि जब कोई खिलाड़ी दूसरे पक्ष के राजा पर सीधे निशाना लगाता है तो कहता है – शह (बचाओ)। यह शह शाह का ही छोटा रूप है। लेकिन मकान या पुल के ज़मीन पर गिरने से राजा या शासक का क्या लेना-देना? (कोई कह सकता है कि आज के राजाओं का पुलों के गिरने से बहुत-कुछ लेना-देना है क्योंकि पुल बनाने वालों से जो हिस्सा लिया जाता है… लेकिन उसे छोड़ते हैं। इस क्लास में राजनीति को लाना ठीक नहीं!)।

कहने का मतलब यह कि किसी चीज़ के ज़मीन पर गिरने का किसी शाह या राजा से कोई संबंध हो, यह बात हज़म नहीं होती। इसलिए शाही शब्द ठीक नहीं लगता।

अब दूसरा शब्द लेते हैं – शायी। शायी से मिलता-जुलता एक शब्द है शयनकक्ष जो बेडरूम के लिए इस्तेमाल होता है। एक और शब्द है शायिका जो ट्रेन में बर्थ के लिए प्रयोग में लाया जाता है। यदि आपकी धार्मिक कथा-साहित्य में दिलचस्पी होगी तो आपको पता होगा कि विष्णु का एक नाम शेषशायी भी है क्योंकि वह शेषनाग के शरीर पर लेटे हुए हैं (देखें चित्र)। इन सबसे पता चलता है कि शायी का जो भी अर्थ हो, उसका लेटने या सोने से रिश्ता ज़रूर होगा।

अब इस लेटने या सोने के अर्थ को किसी चीज़ के ज़मीन पर गिरने से जोड़ें तो ऐसी तस्वीर बनती है जैसे वह गिरी हुई चीज़ ज़मीन पर लेटी या सोई हुई हो। मकान या पुल गिरता है तो ऐसा ही लगता है कि वह ज़मीन पर लेट गया हो। कहने का अर्थ यह कि शायी शब्द का ज़मीन पर गिरने से संबंध साफ़-साफ़ नज़र आता है।

शाही और शायी के बीच तुलना के बाद अब स्पष्ट हो जाता कि ज़मीन पर गिरने के अर्थ में धरा+शायी और धरा+शाही के बीच धरा+शायी ही अधिक फ़िट बैठता है। धराशायी=किसी वस्तु का ज़मीन पर इस तरह गिरना कि वह ज़मीन पर लेटी हुई लगे।

यहाँ ध्यान दीजिए कि आपकी जेब से अगर कोई सिक्का ज़मीन पर गिर जाए तो उसे धराशायी होना नहीं कहेंगे। धराशायी के लिए ज़रूरी है कि वह चीज़ बहुत बड़ी हो और लगे की वह ज़मीन पर लेट गई है।

अब बचा एक ही सवाल। क्या धराशायी को धराशाई भी लिख सकते हैं? जैसे गयी को गई और नयी को नई लिखा जाता है? इसपर मेरा जवाब है – नहीं। क्यों, यह जानने के लिए पहले हुई इस चर्चा पढ़ें जिसमें इसी विषय पर बात की गई है।

पसंद आया हो तो हमें फ़ॉलो और शेयर करें

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial