Categories
English Class

EC21 : CC का उच्चारण कहाँ ‘क’ और कहाँ ‘क्स’?

पिछली क्लास यानी EC20 में हमने जाना कि C के बाद a, o या u हो तो C का उच्चारण क होता है और अगर i, e या y हो तो C का उच्चारण स होता है। लेकिन यदि C से पहले कोई व़ावल हो या C के बाद कोई कॉन्सनंट हो तो C का क्या उच्चारण होगा? अगर एक ही शब्द में दो C हों तो किसका क्या उच्चारण होगा? जानने के लिए आगे पढ़ें। 

पिछली क्लास में हमने पढ़ा कि C के बाद अगर कोई व़ावल होता है तो C का क्या उच्चारण होता है। हमने जाना कि अगर C से पहले a, o या u हो तो उसका उच्चारण ‘क’ और e, i या y हो तो उच्चारण ‘स’ होता है। इस क्लास में हम जानेंगे कि

  1. C से पहले व़ावल हो तो C का क्या उच्चारण होगा?
  2. C के आगे भी व़ावल हो और बाद में भी तो C का क्या उच्चारण होगा?
  3. शब्द में दो C हों (यानी CC) तो किसका क्या उच्चारण होगा?
  4. C के बाद कोई कॉन्सनंट हो तो C का क्या उच्चारण होगा?

1. C से पहले व़ावल

Ac, Ec, Ic, Oc, Uc जैसी स्थितियों में C का उच्चारण हमेशा ‘क’ होगा। कुछ उदाहरण देख लें।

शब्द-उच्चारण-अर्थ

  • Ac.cuse-अक्यूज़-आरोप लगाना
  • E.lec.tion-इलेक्शन-चुनाव
  • Log.ic-लॉजिक-तर्क
  • Oc.cu.py-ऑक्युपाइ-क़ब्ज़ा करना

Uc वाले ऐसे शब्द नहीं के बराबर हैं जिनमें C अंत में हो। ऐसे शब्दों में C के साथ कोई और कॉन्सनंट होता है जैसे K (Truck), T (Duct) आदि और उसका उच्चारण ‘क’ ही होता है (ट्रक, डक्ट)।

2. C के आगे-पीछे वॉवल

कुछ शब्द लीजिए – A.cid (अम्ल) , Med.i.cine या Lu.cid। इन तीनों में c से पहले भी व़ावल है और बाद में भी। तो C किसका नियम माने? क्या आज की क्लास का पहला नियम कि C से पहले व़ावल हो तो हमेशा क? तब तो A.cid का उच्चारण ऐकिड, Med.i.cine का मेडिकिन और Lu.cid का लूकिड हो जाएगा जो कि ग़लत उच्चारण हैं। इन तीनों में C का उच्चारण ‘स’ है क्योंकि तीनों में C के बाद i है और हम जानते हैं कि C के बाद i हो तो उसका उच्चारण स होता है (पिछली क्लास पढ़ें।)

यानी C के दोनों तरफ़ व़ावल हों तो उसका उच्चारण बाद का व़ावल तय करेगा। बाद का व़ावल a, o या u हो तो C का उच्चारण ‘क’, e, i या y हो तो C का उच्चारण ‘स’ होगा।

नीचे ऐसे कुछ और उदाहरण देखें और ध्यान दें कि कैसे C का उच्चारण उसका अगला व़ावल तय कर रहा है, न कि पिछला।

  • A.cute=अक्यूट
  • Mu.cous=म्यूकस
  • Face=फेस
  • Po.lice=पलीस
  • Re.ceive=रिसीव

3. शब्द में दो C हों

अब मैं तीन शब्दों पर आपका ध्यान आकर्षित करूँगा – Ac.cuse, Ac.cord और Oc.cu.py। दोनों में C दो बार आया है और उसका उच्चारण हुआ है ‘क’। लेकिन Ac.ci.dent में क्या होता है? (आम तौर पर लोग इसे एक्सीडेंट बोलते हैं हालाँकि इसका सही उच्चारण है ऐक्सिडंट।) आप देखिए कि इसमें पहले C (Ac) का उच्चारण हो रहा है ‘क’  (इस क्लास का पहला नियम) और दूसरे C (Ci) का उच्चारण हो रहा है ‘स’ जो कि हमारी पिछली क्लास में बताए गए नियम के अनुकूल है (C के बाद i, e और y हो तो उच्चारण होगा ‘स’)।

यही बात Ac.ces.so.ry, Ac.cess और Ac.cent में भी है जिन्हें ग़लती से लोग एसेसरी, एसेस और एसेंट बोलते हैं जबकि स्थिति वही है — Ac.ci.dent वाली।जिस तरह Ac.ci.dent में Ac वाले C का उच्चारण ‘क’ है (पहला नियम), उसी तरह इन तीनों में भी Ac वाले C का उच्चारण ‘क’ होगा। हाँ, चूँकि इन तीनों में अगले C के बाद e है, सो उसका उच्चारण पिछली क्लास में बताए गए नियम के अनुसार ‘स’ होगा। ऐसे में इन तीनों शब्दों का सही उच्चारण होगा — अक्सेसरी, ऐक्सेस और ऐक्संट। 

आपमें से कई पाठक यह जानने को बेताब होंगे कि ऊपर के तीनों शब्दों में A है लेकिन दो में उसका उच्चारण ‘ऐ’ हो रहा है (ऐक्सेस और ऐक्संट) और एक में ‘अ’ (अक्सेसरी)। तो इसका जवाब मैंने क्लास 48 में दिया है कि आप कैसे पता लगाएँगे कि A का उच्चारण कहाँ ‘अ’ होगा और कहाँ ‘ए’ या ‘ऐ’। 

आगे बढ़ने से पहले Ac.cuse और Ac.cord पर आपका ध्यान खींचना चाहूँगा। इन दोनों में पहले C का उच्चारण हुआ ‘क’ (पहला नियम) और दूसरे C का उच्चारण भी होगा ‘क’ (पिछली क्लास का नियम – a, o और u से पहले C का उच्चारण ‘क’)। तो फिर पूरे शब्द का उच्चारण क्या होगा – अक्क्यूज़ और अक्कॉर्ड? यानी दो ‘क’ या एक ‘क’?

अगर आपके दिमाग़ में यह सवाल आया है तो फिर आपने सबसे पहली क्लास यानी EC1 या तो पढ़ी नहीं या फिर उसका सबक़ भूल गए। उस क्लास में बताया गया है कि अंग्रेज़ी में जब एक ही ध्वनि वाले दो लेटर साथ-साथ आते हैं तो आम तौर पर उसका डबल उच्चारण नहीं होता। इसलिए यहाँ भी इन दो शब्दों का उच्चारण अक्कयूज़ या अक्कॉर्ड नहीं बल्कि अक्यूज़ और अकॉर्ड ही होगा भले ही उनमें ‘क’ की ध्वनि वाला C दो बार आ रहा हो।

4. C के बाद कॉन्सनंट

अब आते हैं चौथे सवाल पर — C के बाद कोई कॉन्सनंट हो तो क्या होगा? इसका जवाब भी आसान है। अधिकतर मामलों में ‘क’ होगा। आइए, इसे अलग-अलग देखते हैं।

C के बाद अमूमन C, H, K, L, Q, R और T आते हैं। CC के बारे में नियम और उदाहरण हमने ऊपर देख लिए। बाक़ी के नीचे देखते हैं।

  • Ch – इसके तीन उच्चारण हो सकते हैं। च, क और श। इस पर क्लास 40 में विस्तार से चर्चा की गई है।
  • Ck – इसका उच्चारण हमेशा ‘क’ होता है। जैसे Truck (ट्रक), Back (बैक), Kick (किक) आदि।
  • Cl – इसका उच्चारण हमेशा क्ल होता है। जैसे Clip (क्लिप), Climb (क्लाइम), Clerk (क्लाऽक) आदि।
  • Cq – इसका उच्चारण हमेशा क होता है। जैसे Ac.quit (अक्विट), Lac.quer (लैकर), Rac.quet (रैकिट) आदि।
  • Cr – इसका उच्चारण हमेशा क्र होता है। जैसे Crow (क्रो), Cream (क्रीम), Cry (क्राइ) आदि।
  • Ct – इसका उच्चारण हमेशा क्ट होता है। जैसे Pre.dict (प्रिडिक्ट), Con.duc.tor (कंडक्ट), Fact (फ़ैक्ट) आदि।

इस क्लास का सबक़

C से पहले कोई व़ावल हो या उसके बाद कोई कॉन्सनंट हो तो C का उच्चारण हमेशा ‘क’ होता है। CH के मामले में च, श और क में से कोई भी उच्चारण हो सकता है। इसके बारे में क्लास 41 में चर्चा की गई है। जब C के दोनों तरफ़ व़ावल हो तो C का उच्चारण बाद वाले व़ावल के अनुसार होता है (नियम के लिए EC20 पढ़ें)। अगर किसी शब्द में CC एकसाथ हों तो उनका उच्चारण इस पर निर्भर करता है दूसरे C के बाद क्या है। यदि दूसरे C के बाद e, i, y हो तो उच्चारण होगा ‘क्स’, वरना होगा ‘क’। उदाहरण – Ac.cord=अकॉऽड, Ac.cess=ऐक्सेस।

अभ्यास

अख़बार या किसी वेबसाइट से C वाले 20 शब्द खोजें और ऊपर बताए गए चारों नियमों की परीक्षा करें।  

चलते-चलते

अंग्रेज़ी शब्द Cleave (क्लीव) के दो बिल्कुल विपरीत अर्थ हैं — एक है कसकर जुड़े रहना, दूसरा है काटकर अलग करना। इसी तरह Clip (क्लिप) के भी दो विपरीत अर्थ हैं — जोड़ना और काटना। हिंदी में भी ऐसा ही एक शब्द है शेष। एक मतलब है — ख़त्म और दूसरा है बाक़ी। एक वाक्य देखें — उनके जाने से सबकुछ शेष (ख़त्म) हो गया। अगर कुछ शेष (बाक़ी बचा) है, तो वह है उनकी यादें।

पसंद आया हो तो हमें फ़ॉलो और शेयर करें

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial