Categories
English Class

EC9 : जो बोले i, वही बोले y, क्योंकि दोनों हैं भाई

पिछली पाँच क्लासों में हमने इंग्लिश के पाँच मुख्य व़ावल — A, E, I, O और U — जो पाँच पांडवों की तरह हैं — उनके बारे में पढ़ा कि यदि वे दो या दो से अधिक कॉन्सनंट के बीच में हों तो उनका उच्चारण क्या होगा और यह भी कि यदि दूसरे कॉन्सनंट के बाद e या y हो तो उस व़ावल के उच्चारण पर क्या फ़र्क़ पड़ेगा। आज हम छठे पांडव… सॉरी व़ावल के बारे में बात करेंगे जो कि कर्ण की ही तरह आधा व़ावल है और आधा कॉन्सनंट। यानी आज हम Y के बारे में जानेंगे।

व़ावल और कॉन्सनंट का फ़र्क़ मैं फिर से बता देता हूँ। व़ावल किसी शब्द को मात्रा देने का काम करते हैं जैसे अ, आ, इ, ई आदि और कॉन्सनंट उस शब्द को (अ-आ-इ-ई आदि के अलावा) बाक़ी ध्वनियाँ देने का काम करते हैं जैसे क, प, ट आदि। दोनों के मिलने से ही कोई शब्द बनता है। Y कभी-कभी मात्रा देने का काम करता है और कभी-कभी य की ध्वनि देता है। जैसे Yes (येस) में y और s कॉन्सनंट हैं जिन्होंने य और स की ध्वनि दी और e व़ावल जिसने इसे ए की मात्रा दी। इस तरह शब्द बना येस।

लेकिन Sky में y य की ध्वनि नहीं दे रहा। ध्वनि देने का काम यहाँ s (स) और k (क) कर रहे हैं, y यहाँ आइ की मात्रा दे रहा है। यानी यह यहाँ व़ावल का काम कर रहा है। 

चलिए, जब हमने Y का व़ावल रूप देख लिया तो अब यह भी देखें कि CVC (या केवल VC) और CVCe वाले फ़ॉर्मैट में जब y हो तो शब्दों का क्या उच्चारण होगा।

अरे, यह क्या। CyC वाले शब्द तो खोजे नहीं मिलते। एक है Sync (सिंक) जो कि Syn.chro.ni.za.tion का छोटा रूप है। एक और शब्द है Cyst (सिस्ट)। और एक याद आ रहा है, Tryst (ट्रिस्ट/ट्राइस्ट)।  इसी तरह CyCe में भी गिने-चुने शब्द हैं। एक तो बहुत ही लोकप्रिय शब्द है — Style (स्टाइल), दूसरा Type (टाइप) और तीसरा Hype (हाइप)। एक और शब्द है Byte (बाइट) जो कि नया-नया शब्द है और IT क्रांति की देन है। आप ध्यान देंगे कि ये सबके सब I वाला नियम ही फ़ॉलो कर रहे हैं। जैसे CiC में इ (Sit=सिट) और CiCe (Site=साइट) में आइ का उच्चारण था, वैसे ही CyC में इ और CyCe में आइ का ही उच्चारण दिख रहा है। उदाहरण ऊपर दे ही दिए गए हैं। उन्हें एक बार फिर से देख लें।

तो अब जब सभी व़ावल्ज़ पर बात हो गई तो अच्छा होगा कि हम एक बार फिर उसे रिवाइज़ कर लें। नीचे मैंने सभी व़ावल की CVC और CVCe के फॉर्मैट के उच्चारण दिए हैं। एक बार देख लें।

CaC में ऐ और CaCe में (लंबा) ए। उदाहरण Sad (सैड), Cat (कैट) और Cake (केक), Gate (गेट) (EC4 : विस्तार से पढ़ें)।

E

CeC में (छोटा) ए और CeCe में ई। उदाहरण Get (गेट), Let (लेट) और Pre.cede (प्रिसीड), Com.pete (कंपीट) (EC5 : विस्तार से पढ़ें)।

I

CiC में इ और CiCe में आइ। उदाहरण Pin (पिन), Sin (सिन) और Mine (माइन), Wide (वाइड) (EC6 : विस्तार से पढ़ें)।

O

CoC में ऑ और CoCe में ओ। उदाहरण Lot (लॉट), Spot (स्पॉट) और Note (नोट), Vote (व़ोट) (EC7 : विस्तार से पढ़ें)।

U

CuC में अ और CuCe में यू/ऊ। उदाहरण Cup (कप), Drum (ड्रम) और Cute (क्यूट), Rude (रूड) (EC8 : विस्तार से पढ़ें)।

Y

CyC में इ और CyCe में आइ। उदाहरण Cyst (सिस्ट), Sync (सिंक) और Type (टाइप), Style (स्टाइल) (EC9 : चर्चा इसी क्लास में)।

जिन्हें स्पष्ट न हुआ हो, उन पाठकों को बता दूँ कि CaC, CuC आदि में C का मतलब है कोई भी कॉन्सनंट। यह भी याद दिला दूँ कि जहाँ केवल VC का पैटर्न है यानी पहला कॉन्सनंट ग़ायब है, वहाँ भी उच्चारण यही रहेगा। जैसे Cat से कैट तो At से ऐट।  उच्चारण एक ही है — ऐ। Cup से कप तो Up से अप। यहाँ भी उच्चारण एक ही रहा — अ। कहने का अर्थ यह कि अगर आप CVC का उच्चारण जान गए तो VC का उच्चारण भी साथ के साथ जान जाते हैं।

अब जब आप इतने सारे उच्चारण के नियम जान गए हैं तो इंग्लिश के बहुत सारे शब्दों का अंदाज़ा आप खुद ही लगा सकते हैं। शब्दों को देखिए, उसका पैटर्न जानिए, लंबे शब्दों को शब्दांशों (syllables) में तोड़िए और फिर उनके उच्चारण का अंदाज़ा लगाइए। आख़िर में डिक्श्नरी से जाँचिए कि आपका अंदाज़ा कितना सही निकला।

सिंगल व़ावल की क्लासें आज ख़त्म हुईं। आगे से हम उन शब्दों की बात करेंगे जिनमें एक से ज़्यादा व़ावल एकसाथ हैं जैसे Main, Weight, Round, Aunt आदि।

इस क्लास का सबक़

जब दो या उससे अधिक कॉन्सनंट के बीच a आता है तो उसका उच्चारण ऐ (Cat=कैट), e आता है तो उसका उच्चारण (छोटा) ए (Met=मेट), i या y आते हैं तो उनका उच्चारण इ (Sit=सिट और Cyst=सिस्ट), o आता है तो उसका उच्चारण ऑ (Pot=पॉट) और u आता है तो उसका उच्चारण अ होता है (Cut=कट)। इसी तरह ऐसे ही शब्दों में जब अंत में e होता है तो a का उच्चारण होता है (लंबा) एऽ (Make=मे‍‍‌क), e का उच्चारण होता है ई (Meme=मीम),  i का उच्चारण होता है आइ (Mike=माइक), o का उच्चारण होता है ओ (Scope=स्कोप) और u का उच्चारण होता है यू या ऊ (Crude=क्रूड और Mute=म्यूट)। और उदाहरण ऊपर दिए गए हैं।

अभ्यास

पिछली क्लासों के नियम याद रखने का मैं आपको तरीक़ा बताता हूँ। आप ग़ौर करेंगे कि CV और CVCe के मामले में हर व़ावल का उच्चारण वही हो रहा है जैसा कि वह बोला जाता है – A (ए), E (ई), I (आइ), O (ओ), U (यू) और Y (आइ)। क्लास 3 में CV वाले शब्दों में भी हम यही नियम देख चुके हैं। तो इसको याद रखना बहुत ही आसान है। CV और CVCe जैसे शब्दों या शब्दांशों में आप उस व़ावल का वही उच्चारण करें जैसा कि वह बोला जाता है।

VC और CVC वाले शब्दों में आपको A (ऐ), E (ए), I (इ), O (ऑ), U (अ) और Y (इ) का उच्चारण याद रखना है। आपकी याद्दाश्त अच्छी हो तो ठीक है वरना इसके लिए एक तरीक़ा यह भी है कि आप इनका एक-एक कॉमन उदाहरण याद रखें और जब भी कोई शब्द देखें तो उससे मिलते-जुलते शब्द को याद कर लें कि उसमें कौनसा उच्चारण था।  मेरे हिसाब से ये छह शब्द ठीक रहेंगे – Cat (कैट), Met (मेट), Sit (सिट), Pot (पॉट), Cup (कप) और Sync (सिंक)। 

चलते-चलते

अंग्रेज़ी भाषा जिस लिपि में लिखी जाती है, उसे रोमन कहते हैं। इसमें पहले संख्याओं के लिए 1, 2, 3, 4 जैसे अलग से चिह्न नहीं थे। संख्या लिखने के लिए इन लेटर्ज़ को ही काम में लिया जाता था। इसके लिए I (1), V (5), X (10), L(50) , C (100), D (500) और M (1000)  का इस्तेमाल किया जाता था। इनको मिलाकर ही 1 से 10 हज़ार या उससे भी ज़्यादा तक की संख्या लिखी जाती थी। संख्या लिखने और पढ़ने का सिस्टम यह था कि दो लेटर यदि साथ-साथ हैं और छोटा वाला दाएँ है, तो उतना बढ़ा दो और छोटा वाला बाएँ है, तो उतना घटा दो। इसलिए 4 लिखने के लिए IV (5-1) लिखा जाता था और 11 लिखने के लिए XI (10+1) लिखा जाता था। XX का मतलब है 20। रोमन में दस हज़ार की संख्या इस तरह होगी – MMMMMMMMMM और 9999 लिखा जाएगा इस तरह MMMMMMMMMCMXCIX. इससे बड़ी संख्याओं के लिए खड़ी और आड़ी पाई का इस्तेमाल किया जाता था जिससे किसी संख्या की एक हज़ार या एक लाख गुना व़ैल्यू लिखी जा सकती थी। संख्याओं की मौजूदा प्रणाली भारत की देन है।

पसंद आया हो तो हमें फ़ॉलो और शेयर करें

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial