Categories
English Class

EC76: Break (रातभर का) Fast यानी ब्रेकफ़स्ट

Break का उच्चारण तो आपको मालूम है — ब्रेऽक । और fast का — फ़ाऽस्ट। तो बताइए, Break.fast का उच्चारण क्या होगा? क्या कहा? ब्रेऽकफ़ाऽस्ट? जी हाँ, Break और Fast के अलग-अलग उच्चारणों को देखते हुए दिमाग में तो यही आता है और ज़्यादातर लोग बोलते भी यही हैं – ब्रेऽकफ़ाऽस्ट या ब्रेकफ़ास्ट। लेकिन जनाब, इसका उच्चारण है  ब्रेकफ़स्ट। इस पर हमने EC16 में भी संक्षेप में बात की थी। आज हम जानेंगे कि ऐसा क्यों होता है। साथ ही यह भी जानेंगे कि Ford (फ़ॉर्ड) और Ward (वॉर्ड) के उच्चारणों में क्या अंतर आता है जब वे किसी शब्द के अंत में सफ़िक्स के रूप में आते हैं।

यदि आप स्ट्रेस के नियम ठीक से समझ रहे हैं तो यह जानने में आपको मुश्किल नहीं होगी कि Break.fast में fast का उच्चारण फ़स्ट क्यों हो रहा है। क्योंकि Break.fast नाउन है और स्ट्रेस के दूसरे नियम (EC50) के अनुसार स्ट्रेस पहले सिल्अबल यानी Break पर है, fast पर नहीं है जिससे fast में मौजूद a का उच्चारण हलका यानी छोटा अ हो रहा है। 

लेकिन चेंज केवल -fast में नहीं हुआ, Break में भी हो रहा है। Break जो लंबे ए से बोला जाता है, यहाँ छोटा हो जाता है। ऐसा कम होता है कि जिस शब्द पर स्ट्रेस हो, वह भी अपना रूप बदल ले लेकिन यहाँ हो रहा है। छोटे और लंबे ए के बारे में मैं EC5 और EC16 में चर्चा कर चुका हूं।

fast अकेला शब्द नहीं है जिसका उच्चारण बदलता है। इंग्लिश में ऐसे कई शब्द हैं जो शब्द के अंत में (सफ़िक्स के रूप में) आते हैं तो उनका उच्चारण बदल जाता है। और यह इसलिए होता है कि उन हिस्सों में स्ट्रेस नहीं होता जिसके कारण वे हलके बोले जाते हैं।  जैसे -land (लैंड), -age (एज), -man (मैन), -rent (रेंट) — ये सब भी जब किसी और शब्द का पुछल्ला बनते हैं तो उनका उच्चारण -लंड (Eng.land=इंग्लंड), -इज (Man.age=मैनिज), -मन (Bats.man=बैट्समन) और -रंट (Ap.par.ent=अपैरंट) में बदल जाता है। -age (EC60), -rent (EC73) और -man (EC75) के बारे में हम पिछली क्लासों में पढ़ चुके हैं। आज हम -ford और -ward से बनने वाले शब्दों की बात करेंगे।

FORD का उच्चारण फ़ड या फ़र्डus

पहला शब्द है –ford । इसका अकेले में हम आम तौर पर उच्चारण करते  हैं फ़ोर्ड लेकिन इसका सही उच्चारण है फ़ॉर्ड (अमेरिकी) या फ़ॉऽड (ब्रिटिश)।(ब्रिटिश उच्चारण में बीच का r साइलंट हो जाता है लेकिन ऑ का उच्चारण थोड़ा लंबा खिंच जाता है।)  यही -ford जब आख़िर में आता है तो वह हो जाता है  फ़ड या फ़र्डus। तो Ox.ford का उच्चारण होगा ऑक्सफ़ड या आक्सफ़र्डus, Stan.ford का स्टैनफ़ड या स्टैनफ़र्डus, Craw.ford का क्रॉफ़ड या क्राफ़र्डus। बस Af.ford में इसका उच्चारण अफ़ॉऽड या अफ़ॉर्डus ही रहेगा, अफ़ड या अफ़र्डus नहीं होगा क्योंकि यह व़र्ब है और इसमें स्ट्रेस दूसरे सिल्अबल यानी ford पर ही है।

WARD का उच्चारण वड या वर्डus

एक और शब्द है –ward जिसका अकेले में उच्चारण है वॉऽड (ब्रिटिश) या वॉर्ड (अमेरिकी) लेकिन जब यह किसी शब्द के आख़िर में आता है तो इसका उच्चारण हो जाता है वड या वर्डus। जैसे For.ward (फ़ॉवड या फ़ॉरवर्डus), Back.ward (बैकवड या बैकवर्डus), Awk.ward (ऑकवड या ऑकवर्डus), Cow.ard (काउअड/कावड या काउअर्डus/कावर्डus ), How.ard (हाउअड/हावड या हाउअर्डus/हावर्डus), Ed.ward (एडवड या एडवर्डus)। लेकिन A.ward (अवॉऽड या अवॉर्डus), Re.ward (रिवॉड या रिवॉर्डus) और War.den (वॉ़ऽडन या वॉर्डनus) में यह वॉऽड या वॉर्ड ही रहेगा।

  • मैंने ऊपर दोनों उच्चारण दे दिए हैं। आप चाहें तो अमेरिकी शैली में r का उच्चारण करें, चाहें न करें। जिन कई मामलों में भारतीयों का अंग्रेज़ी उच्चारण अमेरिकियों की तरह है, उनमें एक r वाले शब्द भी हैं। हम भी बीच और अंतिम वाले r का उच्चारण करते हैं, और वे भी। कई बार हैरत होती है कि भारत पर राज तो अंग्रेज़ों ने किया लेकिन उच्चारण हम अमेरिकियों की तरह करते हैं। R के उच्चारण पर हम EC32 में डिस्कस कर चुके हैं। चाहें तो पढ़ सकते हैं।

इस क्लास का सबक़

-fast, -ford और -ward जब किसी शब्द के आख़िर में आते हैं तो  उनका उच्चारण फ़स्ट, फ़ड/फ़र्डus और वड/वर्डus होता है। जैसे Break.fast=ब्रेकफ़स्ट, Ox.ford=ऑक्सफ़ड/आक्सफ़र्डus और Back.ward=बैकवड/बैकवर्डus। कुछ अपवाद हैं जैसे Af.ford=अफ़ॉऽड/अफ़ॉर्डus और Re.ward=रिवॉऽड/रिवॉर्डus। ये दोनों व़र्ब हैं हालाँकि Re.ward नाउन के रूप में भी इस्तेमाल होता है।

अभ्यास

इस लिंक पर  टैप या क्लिक करके -ward से समाप्त होने वाले कुछ उपयोगी शब्दों की लिस्ट बनाएँ और उनका उच्चारण करें। फिर डिक्शनरी से मिलाएँ। इसी तरह URL में ‘ward’ की जगह पर ‘ford’ और ‘land’ डालकर -ford और -land से समाप्त होनेवाले शब्दों के उच्चारण की जाँच करें।

चलते-चलते

कई पाठक सोच रहे होंगे कि Break.fast में -fast का उच्चारण क्या वैसा ही है जैसा कि ब्रिटिश शैली में First का है? नहीं। First का उच्चारण है फ़ऽस्ट यानी ‘फ़’ को थोड़ा लंबा खींचना है ताकि ‘र’ की कमी को पूरा किया जा सके। लेकिन ब्रेकफ़स्ट में मौजूद fast में ऐसा करना ज़रूरी नहीं क्योंकि न उसमें r है, न ही उस पर स्ट्रेस है। स्ट्रेस का नियम ही यही है कि शब्द के जिस हिस्से पर स्ट्रेस नहीं देना है, उनको जल्दी बोलना है। यही कारण है कि Re.ward में ‘वॉऽड’ बोलते समय ‘वॉ’ के बाद ऽ का चिह्न है यानी उसको खींचना है लेकिन Back.ward में ‘वड’ बोलते समय ‘व’ को नहीं खींचना है। एक बार फिर बता दूँ कि जिन हिस्सों पर स्ट्रेस है, उनको पूरी किताब में बोल्ड (गहरा काला) करके  दिखाया गया है और जिन पर सेकंडरी स्ट्रेस है, उनके नीचे लाइन दे दी गई है। जो बोल्ड में नहीं है या जिनके नीचे कोई लाइन नहीं है,  समझिए कि उनपर स्ट्रेस नहीं है और उनको अधिकतर मामलों में हलका – अ, इ, उ और कभी-कभी ए – बोला जाएगा।

पसंद आया हो तो हमें फ़ॉलो और शेयर करें

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial