Categories
English Class

EC56: सातवाँ नियम, बाक़ी 6 नियमों का रिव़िश्ज़न

पिछली कुछ क्लासों में हमने अंग्रेज़ी उच्चारण के 6 नियम जाने। आज हम बात करेंगे सातवें और आख़िरी नियम की। इसके साथ ही हम पहले के 6 नियम भी दोहराएँगे। स्ट्रेस का सातवाँ नियम बहुत ही आसान है। यह नियम भी सफ़िक्स पर आधारित है। 

अंग्रेज़ी उच्चारण का सातवाँ नियम उन शब्दों के बारे में है जिनके अंत में -ee, -eer, -ese, -ette और -ique हैं। ऐसे शब्दों में चाहे जितने सिल्अबल हों, स्ट्रेस आखिरी सिल्अबल पर पड़ेगा। इस नियम को जानने से क्या फ़ायदा होगा, उसके बारे में आगे जानेंगे। पहले कुछ उदाहरण देख लेते हैं।

शब्दउच्चारणअर्थ
Ag.reeअग्रीसहमत
Mar.queeमाऽकीशामियाना
En.gi.neerएन्जिनिअइंजिनियर
Pi.o.neerपाइअनिअप्रणेता
Jap.a.neseजैपनीज़जापानी
O.beseअबीस/ओबीसस्थूलकाय
Et.i.quette*एटिकेटशिष्टाचार
Cig.a.rette*सिगरेटसिगरेट
U.niqueयूनीकअनोखा
Tech.niqueटेकनीकतकनीक
*ऊपर -ette से अंत होनेवाले दोनों शब्दों में आख़िरी सिल्अबल पर प्राइमरी और पहले सिल्अबल पर सेकंडरी स्ट्रेस पड़ रहा है। लेकिन इसका उलटा भी हो सकता है कि पहले सिल्अबल पर प्राइमरी और अंतिम सिल्अबल पर सेकंडरी स्ट्रेस पड़े। 

अब हम स्ट्रेस और सिल्अबल के सातों नियमों को दोहराते हैं। याद करा दूँ कि छोटा अ (ॲ), इ, उ (और कभी-कभी ए) हलके सिल्अबल में आते हैं, बाक़ी सब भारी सिल्अबल में आते हैं। 

यह भी याद दिला दूँ कि स्ट्रेस के बारे में जानने का फ़ायदा यह है कि :

  1. जिस शब्द पर स्ट्रेस हो, उसका उच्चारण आम तौर पर CVC के नियमों के तहत या फिर भारी होता है जिसके बारे में हमने EC3 से EC9 तक की क्लासों में बात की है। इस तरह हमें शब्द के कम-से-कम एक हिस्से के उच्चारण का पता चल जाता है।
  2. स्ट्रेस वाले सिल्अबल के दाएँ और बाएँ वाले सिल्अबल अधिकतर हलके होते हैंइससे हमें शब्द के बाक़ी हिस्सों के उच्चारण का भी पता चल जाता है और हम उनका व़ावल के हिसाब से हलका उच्चारण करते हैं जैसे a, e और o के मामले में छोटे अ का, i के मामले में अ या इ का और u के मामले में उ का। E के मामले में कभी-कभी ए का भी उच्चारण होता है जैसे Pro.test (noun)=प्रॉटेस्ट।
  3. ऊपर बताए गए उपाय के आधार पर हम अभ्यास के तौर पर Agree का उच्चारण निकालते हैं। इसमें दो स्वर समूह हैं इसलिए इसमें दो सिल्अबल हैं। पहले सिल्अबल में A है, दूसरे में EE है। आज बताए गए सातवें नियम में आपने जाना कि -ee से अंत होनेवाले शब्दों में आख़िरी सिल्अबल पर स्ट्रेस होगा। इसका मतलब Ag.ree में दूसरे सिल्‌अबल यानी –ree पर स्ट्रेस है यानी उसका उच्चारण होगा री। अब ree से पहले वाले सिल्अबल में जो स्वर (व़ावल) है, वह हलका होगा। वह स्वर है A जिसका हम हलका उच्चारण करेंगे यानी छोटा अ, न कि ए। इस तरह उच्चारण का पता चल गया बिना डिक्शनरी देखे हुए : अग्री। 

चलिए, अब हम सातों नियमों को रिवाइज़ करते हैं।

नियम 1 : बिना सफ़िक्स/प्रफ़िक्स वाले शब्द

सामान्यतः किसी भी शब्द में स्ट्रेस पहले सिल्अबल पर पड़ता है। लेकिन प्रिफ़िक्स और सफ़िक्स के चलते इसकी जगह बदल सकती है। (EC49)

नियम 2 : दो सिल्अबल वाले शब्द

दो सिल्अबल वाला शब्द यदि नाउन या ऐजिक्टिव़ है तो स्ट्रेस पहले सिल्अबल पर पड़ेगा। व़र्ब है तो स्ट्रेस दूसरे सिल्अबल पर। एक ही शब्द में नाउन या व़र्ब होने पर स्ट्रेस का स्थान बदल जाता है जैसे प्रोटेस्ट (नाउन) लेकिन प्रटेस्ट (व़र्ब)। (चर्चा EC50 में)

नियम 3 : तीन सिल्अबल वाले शब्द

तीन सिल्अबल वाले शब्दों में भी नाउन और ऐजिक्टिव़ के मामले में शब्द के पहले सिल्अबल पर स्ट्रेस पड़ता है। व़र्ब के केस में दूसरे सिल्अबल पर स्ट्रेस पड़ता है। उदाहरण : Man.ag.er (मैनिज), Con.ti.nue (कंटिन्यू) (चर्चा क्लास 51 में)

नियम 4 – tion, sion तथा i, u वाले सफ़िक्स

यदि शब्द के आखिर में -i और -u से शुरू होनेवाले सफ़िक्स (जैसे -ian, ual) या -tion, -sion, -cian हैं तो स्ट्रेस उनसे पहले वाले सिल्अबल पर पड़ेगा। Com.bi.na.tion (कॉम्बिनेशन), A.bi.li.ty (अबिलिटी), Ac.tu.al (ऐक्चुअल) (चर्चा EC52 और EC53 में)

नियम 5 : a, e, o से शुरू होने वाले सफ़िक्स

यदि शब्द के आखिर में -a, -e और -o  से शुरू होनेवाले सफ़िक्स और-ment, -ly, -ing, -ist  हों तो शब्द के स्ट्रेस पर कोई फ़र्क़ नहीं पड़ेगा। Man.age (मैनिज) और Man.age.ment (मैनिजमंट) (चर्चा EC54 में)

नियम 6 : -y से अंत होने वाले शब्द

यदि शब्द के आखिर में  -y हो (ख़ास कर -cy, -ty, phy और -gy) तो स्ट्रेस उससे ‘पहले के पहले’ वाले सिल्अबल पर पड़ेगा। उदाहरण De.moc.ra.cy (डिमॉक्रसी), Ge.og.ra.phy (जिऑग्रफी) आदि। (चर्चा EC55 में)

नियम 7 : -ee, -eer, -ese, -ette वाले शब्द

यदि किसी शब्द के आखिर में -ee, -eer, -ese, -ette और -ique हो तो स्ट्रेस आख़िरी सिल्अबल पर पड़ता है। U.nique (यूनीक), En.gi.neer (एनजिनिअ) (चर्चा EC56 यानी इसी क्लास में)

मैंने इन नियमों को आज़माने के लिए एक ख़बर उठाई और उसमें एक से ज़्यादा सिल्अबल वाले सारे शब्दों की लिस्ट बनाई और उनको इन सात नियमों के आधार पर परखा। आप देखिए नीचे वह पैरा और उसमें से चुने गए शब्द।

NEW DELHI: In a stern warning1 to party2 MPs, Prime Minister3 Narendra Modi on Tuesday4 told them not to make remarks5 which give leverage6 to the opposition7. He asked them to adhere8 to the party line and follow9 the government10‘s ideology11. Modi talked tough to his party MPs at the BJP’s parliamentary12 party meeting13 which is held every14 Tuesday when Parliament15 is in session16. He made it clear no one should cross the line or the ‘laxman rekha’.

एक से ज़्यादा सिल्अबल वाले शब्द ये हैं।

  1. Warn.ing (वॉऽनिंग) दो सिल्अबल में नाउन – पहले पर स्ट्रेस – नियम 2

2. Par.ty (पाऽटी) दो सिल्अबल में नाउन – पहले पर स्ट्रेस – नियम 2

3. Min.is.ter (मिनिस्ट) तीन सिल्अबल में नाउन – पहले पर स्ट्रेस – नियम 3

4. Tues.day (ट्यूज़डे) दो सिल्अबल में नाउन – पहले पर स्ट्रेस – नियम 2

5. Re.marks (रिमार्क्स) दो सिल्अबल में नाउन लेकिन दूसरे पर स्ट्रेस – नियम 2 का अपवाद

6; Lev.er.age (लीवरिज या लेवरिज) तीन सिल्अबल में नाउन – पहले पर स्ट्रेस – नियम 3

7/ Op.po.si.tion (ऑपज़िशन) -tion वाले शब्द में -tion से पहलेवाले सिल्अबल पर स्ट्रेस – नियम 4

8. Ad.here (अडहिअ) दो सिल्अबल में व़र्ब – दूसरे पर स्ट्रेस – नियम 2

9. Fol.low (फ़ॉलो) दो सिल्अबल में व़र्ब लेकिन पहले पर स्ट्रेस – नियम 2 का अपवाद

10. Gov.ern.ment (गवर्नमंट) तीन सिल्अबल में नाउन – पहले पर स्ट्रेस – नियम 3

11. I.de.o.lo.gy (आइडिऑलजी) -gy से अंत होनेवाले में पहले से पहले पर स्ट्रेस – नियम 6

12. Par.lia.men.ta.ry (पाऽलमेंटरी) -y से अंत होनेवाले में पहले से पहले पर स्ट्रेस – नियम 6

13. Meet.ing (मीटिंग) दो सिल्अबल में नाउन – पहले पर स्ट्रेस – नियम 2

14. Eve.ry (एवरी) दो सिल्अबल में ऐजिक्टिव़ – पहले पर स्ट्रेस – नियम 2

15. Par.lia.ment (पाऽलमंट) तीन सिल्अबल में नाउन – पहले पर स्ट्रेस – नियम 3

16. Ses.sion (सेशन) -sion वाले शब्द में -sion से पहलेवाले सिल्अबल पर स्ट्रेस – नियम 4

यानी कुल 16 शब्दों में केवल 2 शब्दों में हमें अपवाद मिले। हमें मिला क़रीब 88% का सक्सेस रेट। कोई बुरा तो नहीं! यदि आप इन सात नियमों के आधार पर 80 से 90 प्रतिशत शब्दों के उच्चारण का सही अंदाज़ा लगा लेते हैं तो यह तो कमाल का सौदा है! और यक़ीन मानिए, शुरू में भले ही आपको नियमों का सहारा लेना पड़े, धीरे-धीरे आपको वे उच्चारण याद होने लगेंगे। जैसे एक बार आपने Op.po.si.tion को ऑपज़िशन पढ़ा तो अगली बार आप उसे ऑपज़िशन ही पढ़ेंगे।

इस क्लास का सबक़

यदि किसी शब्द के अंत में -ee, -eer, -ese, -ette, -ique हैं तो  चाहे जितने सिल्अबल का शब्द हो, स्ट्रेस आखिरी सिल्अबल पर पड़ेगा। उदाहरण :  En.gi.neer (एन्जिनिअ), Jap.a.nese (जैपनीज़) आदि। इस नियम के साथ ही स्ट्रेस के सात नियमों की चर्चा समाप्त हुई। सातों नियम ऊपर समरी के तौर पर दिए गए हैं।

अभ्यास

कोई भी अख़बार या मैगज़ीन निकालें। उसमें से कोई पैरा चुनें और एक से ज़्यादा सिल्अबल वाले शब्द चुनें और नोट करें। फिर उनके उच्चारण का अंदाज़ा लगाएँ और डिक्शनरी से मिलाएँ।

पसंद आया हो तो हमें फ़ॉलो और शेयर करें

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial