Categories
NAMEGAME शुद्ध-अशुद्ध

साउथ के इस नेता के नाम का सही उच्चारण क्या है?

ब्रिटिश प्रधानमंत्री किअर स्टार्मर का नाम हिंदी मीडिया में पाँच तरह से लिखा जा रहा है। लेकिन वह तो विदेशी नाम है और उसमें भ्रम और भूल की संभावना रह सकती है। लेकिन हिंदी मीडिया में अराजकता का हाल यह है कि एक दक्षिण भारतीय नेता का नाम भी छह तरह से लिखा जा रहा है। वह भी किसी ऐसे-वैसे नेता का नहीं, एक राज्य के मुख्यमंत्री का नाम है।

मैं कर्नाटक के मुख्यमंत्री की बात कर रहा हूँ। उनके नाम की अंग्रेज़ी स्पेलिंग है – SIDDARAMAIAH जिसे हिंदी मीडिया में कम-से-कम छह तरह से लिखा जा रहा है –

  1. सिद्धरमैया – हिंदी प्रिंट, IBC24, जागरण।
  2. सिद्धारमैया – News18, जागरण, हिंदुस्तान, जनसत्ता, नवभारत टाइम्स, दैनिक भास्कर।
  3. सिद्दरमैया – जागरण।
  4. सिद्दारामैया – भास्कर।
  5. सिद्धरमय्या – पत्रिका न्यूज़।
  6. सिद्धरामय्या – पत्रिका न्यूज़।
  • यानी नाम के पहले हिस्से को अधिकतर संस्थान ‘सिद्धा’ लिख रहे हैं; कोई-कोई ‘सिद्ध’ लिख रहा है और एक-दो ख़बरों में ‘सिद्द’ (जागरण) और ‘सिद्दा’ (भास्कर) भी।
  • इसी तरह नाम के दूसरे हिस्से में अधिकतर संस्थान ‘र’ लिख रहे हैं (रमैया)। भास्कर और पत्रिका ही किसी-किसी ख़बर में ‘रा’ (रामैया/रामय्या) लिख रहे हैं।
  • शब्द के अंतिम हिस्से को अधिकतर संस्थान मैया लिख रहे है और कोई-कोई मय्या। हो सकता है, कोई मइया भी लिख रहा हो। 

मतलब आप हिंदी के पत्रकार हैं, भारत में रहते हैं लेकिन भारत के ही एक राज्य के मुख्यमंत्री का नाम आप ठीक से लिख नहीं पाते। दूसरी तरफ़ इनकी इच्छा रहती है कि भारत के सारे लोग, ख़ासकर दक्षिण भारत के लोग हिंदी सीखें, हिंदी बोलें। आप दूसरी भाषा का एक शब्द नहीं सीखेंगे, लेकिन उनसे उम्मीद करेंगे कि वे पूरी की पूरी भाषा सीखें।

आपको जानकर हैरत होगी कि ऊपर मैंने कर्नाटक के मुख्यमंत्री के नाम के जो छह रूप दिखाए, उनमें से एक भी रूप उनके नाम के कन्नड़ उच्चारण से मेल नहीं खाता।

कन्नड़ में उनका नाम लिखा जाता है – ಸಿ ದ್ದ ರಾ ಮ ಯ್ಯ। इसका हिंदी लिप्यंतर होगा सि द्द रा म य्य। सिद्दरामय्य। यानी सिद्ध नहीं, सिद्द है; र नहीं, रा है; मैया/मय्या नहीं, मय्य है। जैसे हिंदी में सत्य है, प्रिय है, उसी तरह मय्य। देखने में अजीब लगता है, लेकिन यही उच्चारण है कर्नाटक के मुख्यमंत्री के नाम का – सिद्दरामय्य। 

इसी तरह भाजपा के बड़े नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री (B.S. Yediyurappa) के कन्नड़ नाम (ಯಡಿಯೂರಪ್ಪ) का लिप्यंतर होगा यडियूरप्प, न कि येदियुरप्पा जैसा कि आम तौर पर हिंदी में लिखा जाता है।

मैंने इन नामों की कन्नड़ स्पेलिंग पर ही भरोसा नहीं किया बल्कि उनको कन्नड़ में लिखकर यूट्यूब सर्च भी किया और जो न्यूज़ विडियो सामने आए, उनमें उनके नाम भी सुने। वहाँ भी सिद्दरामय्य और यडियूरप्प ही बोला जा रहा था।

अब आख़िरी प्रश्न। आख़िर हिंदी वाले इंटरनेट पर सर्च करके (जैसे कि मैंने किया) इन नेताओं के सही-सही नाम क्यों नहीं पता करते और उनको वैसा ही क्यों नहीं लिखते?

यदि इनको सिद्दरामय्य और यडियूरप्प लिखा जाता तो हमारा क्या बिगड़ जाता? 

लेकिन बात वही है। इतनी मेहनत कौन करे! सो वही किया गया जो हमेशा किया जाता है। मसलन पता किया जाता है कि अंग्रेज़ी में किसी नाम की स्पेलिंग क्या है। उसी के हिसाब से लिप्यंतर कर दिया जाता है।

यदि अंग्रेज़ी में उसके नाम या नाम के हिस्से का संस्कृत से कोई संबंध दिखता है तो संस्कृत रूप ही लिख दिया जाता है। जैसे Siddaramaiah में कहीं भी ‘ध’ नहीं है, लेकिन चूँकि सिद्द सुनने में सिद्ध जैसा लगता है तो उसे सिद्ध कर दिया।

यदि नाम में D या T हो तो उसे ‘द’ या ‘त’ कर दिया जाता है यह पता लगाए बिना कि क्या नाम में वाक़ई ‘द’ या ‘त’ का उच्चारण है। इसी कारण यडियूरप्प येदियुरप्पा हो जाते हैं। 

अंत में आने वाले a का ‘आ’ कर दिया जाता है। यह कोई याद नहीं रखता कि अंग्रेज़ी में a का प्रयोग केवल ‘आ’ के लिए नहीं, ‘अ’ के लिए भी किया जाता है। जैसे Madhya Pradesh में Madhya के अंत में a है तो क्या हम उसे मध्या प्रदेश लिखते हैं?

इस शब्द पर खोजबीन करने के दौरान मुझे एक रोचक बात यह पता चली कि कन्नड़ में पुरुषों के नाम के अंत में ‘आ’ नहीं होता। केवल महिलाओं के नाम के अंत में ‘आ’ होता है। यही कारण है कि राज्य के वर्तमान और पूर्व मुख्यमंत्रियों के नाम के अंत में ‘अ’ है – सिद्दरामय्य और यडियूरप्प। यदि इनको सिद्दरामय्या और यडियूरप्पा लिखा गया तो कन्नड़ के हिसाब से ये महिला नाम हो जाएँगे।

यह कुछ-कुछ संस्कृत की तरह है। राम, रावण, भीम, अर्जुन, कृष्ण, कंस – ये सारे पुरुष नाम अकारांत हैं जबकि सीता, मंथरा, कौशल्या, अहिल्या, द्रौपदी, कुंती, देवकी – ये सारे स्त्रियों के नाम आकारांत या ईकारांत हैं।

हिंदी में भी आम तौर पर यही चलन है हालाँकि कुछ नाम ऐसे मिल जाएँगे जहाँ पुरुषों के आकारांत नाम हैं जैसे गया और स्त्रियों के अकारांत नाम हैं जैसे शीतल, कोमल आदि।

पसंद आया हो तो हमें फ़ॉलो और शेयर करें

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial