Categories
शब्दचर्चा

Gen ALPHA का उच्चारण जेन अल्फ़ा नहीं है!

जंतर-मंतर पर युवाओं के सफल आंदोलन के बाद जहाँ भारत का Gen Z (जेन ज़ी) चर्चा में आया है, वहीं इधर Gen Alpha की भी बात होने लगी है कि कैसे वह भी अपने स्कूलों में बेहतर इन्फ़्रास्ट्रक्चर और सुविधाओं की माँग करने लगा है। इसे हिंदी मीडिया जेन अल्फ़ा लिख रहा है लेकिन यह सही उच्चारण नहीं है।

Gen Alpha उस पीढ़ी को कहते हैं जिसका जन्म 2012 से 2025 के बीच हुआ है यानी 1 से 12 साल के बच्चे। इसे हिंदी मीडिया जेन अल्फ़ा लिख रहा है। लेकिन Alpha का सही अंग्रेज़ी उच्चारण ल्फ़ा नहीं, ल्फ़ा है। इसलिए इसे जेन ऐल्फ़ा बोला और लिखा जाना चाहिए।

इसे जेन ऐल्फ़ा क्यों कहा जाता है, इसकी भी रोचक कहानी है। असल में समाज का अध्ययन करने वालों ने देखा कि पिछले कुछ दशकों से दुनिया इस तेज़ी से बदल रही है कि हर दस-पंद्रह साल के बाद वाली पीढ़ी का चरित्र, रुझान, तेवर, सोचने का नज़रिया बिल्कुल अलग हो जा रहा है। सबसे पहले Gen X शब्द बना जो 1965 से 1980 के बीच जन्मे लोगों के लिए कॉइन किया गया। इसके बाद की पीढ़ियों को Generation Y और Z के नाम दिए गए – जेन X, जेन Y और जेन Z। इस Z को हम ‘ज़ेड’ कहते हैं, लेकिन अमेरिका में उसे ‘ज़ी’ बोला जाता है, इसलिए 1997-2012 के बीच पैदा हुई पीढ़ी को ‘जेन ज़ी’ कहा जाता है।

अब प्रश्न यह उठा कि जेन ज़ी के बाद की पीढ़ी को क्या नाम दिया जाए क्योंकि Z तो अंग्रेज़ी (रोमन) वर्णमाला का अंतिम लेटर है और उसके बाद कोई लेटर ही नहीं है। Z1 या Z+ अच्छा नहीं लगता। सो ग्रीक वर्णमाला की शरण ली गई और उसके पहले लेटर Alpha (α) का इस्तेमाल किया गया। इस Alpha से ही रोमन वर्णमाला का A बना है। Alpha के बाद आता है Beta (β) जिससे B बना है। इस ऐल्फ़ा और बीटा के नाम पर ही ग्रीक और रोमन वर्णमाला को Alphabet (Alpha+Beta) कहते हैं।

आप देख रहे होंगे कि Alpha (ऐल्फ़ा) अरबी-फ़ारसी परिवार के अलिफ़ से काफ़ी मिलता-जुलता है। इसकी वजह यह कि ग्रीक और अरबी दोनों ही भाषाओं ने यह लेटर फ़ीनिशन वर्णमाला से लिया था।

आपमें से कुछ को याद होगा कि कोविड वाइरस के अलग-अलग रूपों के नामकरण में भी इसी ग्रीक वर्णमाला का सहारा लिया गया था – Alpha, Beta, Gamma, Delta, Omicron आदि।

जाते-जाते Gen Z पर कुछ बात कर ली जाए। इसे हिंदी मीडिया में कहीं-कहीं ‘जेन जी’ लिखा जा रहा है यानी ‘ज़ी’ की जगह ‘जी’। लेकिन यह ग़लत है क्योंकि जेन जी लिखने पर वह Gen G हो जाएगा।

कुछ अधिक समझदार लोग ज़ी में नुक़्ता लगा देखकर जेन को ज़ेन कर रहे हैं। लिख रहे हैं ज़ेन ज़ी। यानी जेन (Gen) को ज़ेन (Zen) कर दिया। उनको शायद मालूम नहीं कि अंग्रेज़ी में Gen और Zen दो अलग-अलग शब्द है।

Gen शब्द जहाँ Generation (पीढ़ी) का छोटा रूप है, वहीं Zen संस्कृत के ध्यान से बना है। यह एक जापानी बौद्ध संप्रदाय का नाम है जो कर्मकांडों के मुक़ाबले ध्यान पर अधिक ज़ोर देता है। 

कुछ लोग ‘जैन जी’ भी लिख रहे हैं। यह तो बहुत ही हास्यास्पद है। मानो किन्हीं जैन महाशय की बात हो रही है।

पसंद आया हो तो हमें फ़ॉलो और शेयर करें

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial