Categories
English Class

EC7 : अरे O सांभा, इस O के कितने उच्चारण हैं रे

बात तब की है जब मेरी बेटी 10 साल की थी। मैं उसके साथ बाज़ार गया हुआ था। बेटी ने एक हॉकर को यह कहते सुना — काटन शर्ट 100 रुपए. में, काटन शर्ट 100 रुपए में। वह अचानक बोल उठी — ‘अरे, इतना बड़ा है और कॉटन को काटन बोल रहा है।’ मैंने उसे समझाया कि हो सकता है, वह स्कूल न गया हो। और गया हो तो उसके सर ने उसे सही तरीक़े से इंग्लिश न पढ़ाई हो और उसे CVC का नियम नहीं बताया हो।’ क्या आपको आपके टीचर ने CVC का नियम बताया था? नहीं बताया था तो जानने के लिए आगे पढ़ें कि अंग्रेज़ी में O का कहाँ क्या उच्चारण होगा।

चलिए, A, E और I के बाद हम O के मामले में CVC और CVCe का नियम जान लेते हैं। क्लास 3 में हमने जाना था कि CV वाले शब्दों में यदि V (vowel) की जगह O हो तो उसका उच्चारण ओ होगा। आइए, उसे रिवाइज़ कर लेते हैं।

  1. Co में O का उच्चारण है ‘ओ’

सबसे पहले ऐसे शब्दों या शब्दांशों को लें, जिनमें आखिर में O हो। इसमें अधिकतर मामलों में उच्चारण ‘ओ’ होगा जैसे Go (गो), So (सो), No (नो), A.go (अगो), Plu.to (प्लूटो), Man.go (मैंगो) आदि। कभी-कभी उसका उच्चारण अ/उ/ऊ भी होता है जैसे Do का का ड/डु/डू और To का ट/टु/टू। To और Do के ये तीन तरह के उच्चारण कहाँ होंगे, यह मैं स्ट्रेस वाले चैप्टर (क्लास 46-56) में बताऊँगा।

2. CoC में O का उच्चारण है ‘ऑ’

अब ऐसे शब्दों पर आएँ जिनमें O एकमात्र vowel हो और दो या उससे अधिक कॉन्सनंट के बीच में हो यानी CVC का पैटर्न।

शब्दब्रिटिशअमेरिकीअर्थ
Potपॉटपाटघड़ा
Dollडॉलडालगुड़िया
Spotस्पॉटस्पाटजगह
Clotक्लॉटक्लाटथक्का
Clockक्लॉकक्लाकघड़ी
Cropक्रॉपक्रापफ़सल

3. CoCe में O का उच्चारण है ‘ओ’

अब ऐसे शब्द देखें जहाँ CoC के बाद e है। यहाँ भी O का उच्चारण ओ होगा।

शब्दउच्चारणअर्थ
Noseनोज़नाक
Doseडोसख़ुराक
Hopeहोपआशा
Scopeस्कोपदायरा
Pokeपोककोंचना

निष्कर्ष : अंत में e नहीं तो ‘ऑ’ और e हो तो ‘ओ’

ऊपर आपने देखा कि CoC के पैटर्न में यदि बीच में O है तो उसका उच्चारण ‘ऑ’ होता है और यदि CoC के बाद e है तो O का उच्चारण ‘ओ’ हो जाता है। आइए, नीचे ऐसे कुछ शब्दों के बाद e लगाकर इसकी और जाँच कर लेते हैं।

शब्दब्रिटिशअमेरिकीअर्थ
Robरॉबराबचुराना
Robeरोबरोबलबादा
Notनॉटनाटनहीं
Noteनोटनोटटिप्पणी
Lobलॉबलाबउछालना
Lobeलोबलोबगोल-चपटा हिस्सा

इन शब्दों के ब्रिटिश और अमेरिकी उच्चारणों का फ़र्क आप इस साइट पर जाकर सुन सकते हैं। बस शब्द लिखें और submit पर क्लिक करके ब्रिटिश और अमेरिकी उच्चारण सुनें। ‘ओ’ का उच्चारण भी ब्रिटिश और अमेरिकी अलग-अलग करते हैं। इसकी चर्चा मैं क्लास 3 में कर चुका हूँ।

ऐसे ही अन्य उदाहरण हैं Home, Rome, Close जिनमें O का उच्चारण ‘ओ’ हो रहा है। इसी तरह ‘ऑ’ उच्चारण वाले अन्य कुछ शब्द हैं Dog (डॉग), Fog (फ़ॉग), Hot (हॉट), Cost (कॉस्ट), Shop (शॉप) आदि।

लेकिन इसमें भी अपवाद हैं, जैसे Poll को फ़ॉर्म्युले के मुताबिक पॉल होना चाहिए, लेकिन होता है पोल। इसी तरह Sold, Old, Cold, Bold भी सोल्ड, ओल्ड, कोल्‍ड और बोल्ड ही बोले जाते हैं, हालाँकि उनके आखिर में E नहीं है। इसके अलावा Son, Ton और Come, Done फ़ॉर्म्युले के मुताबिक़ अलग-अलग ग्रूप के हैं, लेकिन सभी का उच्चारण ‘अ’ होता है — सन, टन, कम और डन। Lose (लूज़) और Move (मूव़) में तो O का उच्चारण ऊ है।

दो लेटर हैं तो भी ‘ऑ’

यदि O शब्द के बीच में है और उसके बाद कोई कॉन्सनंट लगातार दो बार आया है, तो अधिकतर मामलों में उच्चारण ‘ऑ’ होगा, जैसे Hob.by, Com.merce, Lot.ter.y, Of.fer, Dog.gy और ऊपर बताया गया Cot.ton, जिन्हें हम हॉबी, कॉमर्स, लॉटरी, ऑफ़र, डॉगी और कॉटन पढ़ेंगे। वैसे अमेरिकी इन सबमें ‘आ’ का उच्चारण करते हैं यानी वे इन्हें हाबी, कामर्स, लाटरी1, आफ़र, डागी और काटन1 बोलेंगे।

अंग्रेज़ी में एक अक्षर यदि दो बार आता है तो उसका एक ही उच्चारण होता है, यह तो हम क्लास 1 में पढ़ ही चुके हैं।

जाने से पहले आपसे एक सवाल करता हूं — Score का क्या उच्चारण होगा? स्कोर या स्कॉर? मैं जानता हूँ, आपका जवाब होगा स्कोर क्योंकि इसके आख़िर में e है। सही है। लेकिन इसका उच्चारण स्कॉर भी होता है। इसी तरह More (ज़्यादा), Shore (किनारा), Be.fore (पहले), Pore (महीन छेद) आदि जिनमें अंत में -ore, ओ और ऑ दोनों ही उच्चारण चलते हैं — मोर-मॉर, शोर-शॉर, बिफ़ोर-बिफ़ॉर, पोर-पॉर। ब्रिटिश इंग्लिश में इनमें से किसी में भी आख़िर में र का उच्चारण नहीं होगा। More को बोलेंगे मॉऽ और Be.fore को बिफ़ॉऽ
-ar, -ir, -er, -ur,-or तथा -are, -ire, -ere, -ure, -ore के उच्चारणों पर मैंने अलग से क्लास तैयार की है। देखें : क्लास 17
1 अमेरिकी उच्चारण में Lot.ter.y और Cot.ton में t का उच्चारण ड से मिलता-जुलता है। सुनने पर ऐसा लगेगा मानो लॉडरी और कॉडन बोल रहे हैं। इसे टैप टी या फ़्लैप टी कहा जाता है। इसके बारे में क्लास 40 में चर्चा की गई है।

इस क्लास का सबक़

O वाले शब्द में O का उच्चारण O और e की पज़िशन पर निर्भर करता है। 1. दो या अधिक कॉन्सनंट के बीच में O हो (CoC) तो उच्चारण होगा ‘ऑ’। 2. यदि कॉन्सनंट के बाद O हो (Co) तो उच्चारण होगा ‘ओ’ जैसे Man.go (मैंगो)। 3. CoC के बाद आखिर में e हो तो भी उच्चारण होगा ‘ओ’ जैसे Globe (ग्लोब)। लेकिन इनके कुछ अपवाद भी हैं जैसे Son, Come आदि जिनमें O का उच्चारण न ‘ऑ’ है, न ‘ओ’ बल्कि अ है – सन और कम। और अपवाद ऊपर दिए गए हैं।

अभ्यास

किसी भी अंग्रेज़ी अख़बार या मैगज़ीन में O वाले 50 शब्द खोजिए और उनका इन फ़ॉर्म्युलों के आधार पर उच्चारण करें। इसकी एक लिस्ट बनाएँ और फिर डिक्श्नरी से मिलाएँ कि इनमें से कितने सही निकले।

चलते-चलते

आम को अंग्रेज़ी में मैंगो कहते हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि मैंगो शब्द तमिल मांगै से बना है। तमिल में कच्चे आम को मांगै कहते हैं। वहाँ से यह मलयालम में जाकर मांगा बना जहाँ से पुर्तगालियों ने उसे अपनाया और अंत में अंग्रेज़ी में मैंगो बना।

पसंद आया हो तो हमें फ़ॉलो और शेयर करें

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial