Categories
English Class

EC5 : General=जेनरल, न कि जनरल… मगर क्यों?

जिस तरह a के बारे में नियम है कि वह यदि दो कॉन्सनंट के बीच में होगा तो उसका उच्चारण ऐ होगा (पढ़ें : पिछली क्लास), उसी तरह e के बारे में नियम है कि यदि वह दो कॉन्सनंट के बीच होगा तो उसका उच्चारण ए होगा। लेकिन यदि उसी शब्द के अंत में एक और e आ गया तो पहले वाले e का उच्चारण हो जाएगा – ई और दूसरा e तो साइलंट ही रहेगा। जैसे Gen का उच्चारण होता है जेन लेकिन Gene का हो जाएगा जीन। इसके बारे में और विस्तार से जानने के लिए आगे पढ़ें।

चलिए, आज मैं आपको अपने बचपन के दिनों में ले चलता हूँ। मेरी अपने हमउम्र चचेरे भाई से खूब बनती थी लेकिन कभी-कभी हम दोनों में झगड़ा भी हो जाता था। यदि झगड़ा हमारे घर में होता तो मैं कहता, ‘गेट आउट।’ उसे मौक़ा मिलता तो वह भी अपने घर से मुझे ‘गेट आउट’ कर देता। तब हम यही समझते थे कि गेट का मतलब है दरवाज़ा (Gate) और ‘गेट आउट’ का मतलब होता है Gate (से) Out (हो जाओ)। यह तो बाद में पता चला कि ‘गेट आउट’ का गेट G-E-T है, न कि G-A-T-E और यह तो और भी बहुत सालों बाद पता चला कि दोनों को भले ही हिंदी में गेट ही लिखते हैं लेकिन दोनों के उच्चारण में काफी अंतर है।

CeC में E का उच्चारण है ए

यह क़िस्सा मैंने आपको इसलिए बताया कि आज हम Get के बहाने e के मामले में CVC का नियम सीखने जा रहे हैं। यानी जब CVC में व़ावल की जगह पर e हो जैसा कि Get में है तो उसका उच्चारण क्या होगा। सयाने लोग गेट के उदाहरण से समझ गए होंगे कि ऐसे मामलों में उच्चारण होगा – ए और जैसा कि मैंने बताया, यह ए Gate वाले एऽ से अलग है। क्या अलग है, यह मैं थोड़ी देर बाद बताऊँगा। इससे पहले हम ऐसे और शब्द व उनके उच्चारण देख लें।

शब्द और उच्चारण

  • Gen जेन
  • Men मेन
  • Rent रेंट
  • Set सेट
  • Bet बेट
  • Led लेड
  • Pen पेन

आपने ऊपर Gen का उच्चारण देखा? यह जन नहीं, जेन है क्योंकि Gen में e के दोनों तरफ़ कॉन्सनंट हैं (G और N), इसलिए उसका उसका उच्चारण हो रहा है ए (जेन)। यही कारण है कि Gen.er.al का उच्चारण भी जेनरल है, न कि जनरल जैसा कि आम तौर पर लोग बोलते हैं। बोलने के क्रम में General टूटता है तीन शब्दांशों में – Gen (जेन्) er (अर्) और al (अल्)।

Gen का उच्चारण तो आपने समझ लिया। लेकिन क्या आपने ध्यान दिया कि Gen के बाद का जो शब्दांश (syllable) है, उसमें जो er है, मगर उसका उच्चारण एर् नहीं, अर् हो रहा है। ऐसा क्यों?

ऐसा इसलिए कि यदि e के बाद r हो (er) तो यह नियम नहीं चलेगा। यानी Jerk का उच्चारण जेऽक या जेर्क नहीं, जऽक या जर्कUS  होगा। ऊपर Gen.er.al में भी er का उच्चारण इसी कारण अर् हो रहा है।

इसी तरह Mar.ket में ket का उच्चारण किट है, केट नहीं (माऽकिट)। ऐसा स्ट्रेस के नियम के चलते हो रहा है जिस पर चर्चा क्लास 45-56 में की गई है।)

CeCe में E का उच्चारण है ई

यह तो हुआ CeC का नियम। यदि ऐसे ही किसी शब्द या शब्दांश के अंत में e आ जाए यानी शब्द का पैटर्न CeCe जैसा हो जाए तो क्या होगा? आइए, देखते हैं। इसके लिए हमें कुछ बड़े शब्द लेने होंगे क्योंकि ऐसे छोटे शब्द कम हैं जिनमें CeCe जैसा पैटर्न हो।

शब्द और उच्चारण

  • Com.plete कंप्लीट
  • Se.cede सिसीड
  • Im.pede इंपीड
  • Pre.cede प्रिसीड
  • Com.pete कंपीट
  • Con.cede कंसीड
  • Con.vene कन्व़ीन

यानी आप किसी शब्द में जब भी ऐसा क्रम देखें कि एक consonant फिर e, फिर एक consonant और फिर एक e (CeCe) तो वहाँ पहले e का उच्चारण ई करें, दूसरा e साइलंट रहेगा।

अब बताता हूँ कि e से बननेवाले ए (जो Get वाले गेट में है) और a से बननेवाले एऽ (जो Gate वाले गेऽट में है) में क्या फ़र्क़ है। तो आप जान लीजिए कि e से बननेवाला ए (छोटा) ए है और a से बननेवाला ए (लंबा) एऽ है। यानी Get वाला गेट बोलेंगे तो ए पर एक पल भी रुकना नहीं है लेकिन Gate वाला गेऽट बोलेंगे तो ए को लंबा खींचना है जैसे गेऽट बोल रहे हों। ब्रिटिश और अमेरिकी दोनों ही इंग्लिश में इस (लंबे) एऽ को द्विस्वर माना जाता है यानी उसे दो स्वरों की मदद से बोलते हैं — एइ। यानी वे Gate को बोलेंगे गेइट। उनके उच्चारण में Get हुआ गेट और Gate बना गेइट। लेकिन हम भारतीय a वाले एऽ को भी ए ही बोलते हैं, बस, उसे थोड़ा लंबा खींच देते हैं। 

ए के उच्चारण के बारे में मैंने आगे क्लास 16 में भी चर्चा की है जहाँ और भी व़ावल्स का ज़िक्र है जिनसे ए या एऽ का उच्चारण होता है। जैसे EA (Head=हेड), EI (Weight=वेऽट), AI (Pain=पेऽन), AY (Day=डेऽ) और EY (Obey=ओबेऽ)। उस क्लास में मैंने बताया है कि ऐसे मामलों में कहाँ (छोटा) ए होता है और कहाँ (लंबा) एऽ।

इस क्लास का सबक़

CVC और CVCe वाले पैटर्न में जब व़ावल (V) की जगह में e हो तो उनका उच्चारण होता है क्रमशः ए और ई। उदाहरण Get=गेट और Com.pete=कंपीट। लेकिन इस ए का उच्चारण A वाले ए (Gate=गेऽट) से थोड़ा अलग है। e वाला ए (छोटा) ए है जबकि a वाला ए (लंबा) एऽ है। 

अभ्यास

ऐसे 25 शब्द सोचिए या डिक्श्नरी से खोजिए जिनमें CVC का पैटर्न हो और बीच में e हो। मैंने ऊपर छोटे शब्द दिए हैं लेकिन लंबे शब्दों में भी वही नियम चलेगा। ऐसे पाँच शब्द मैं दे देता हूँ। Pen.cil, Desk, West.ern, Let.ter, Men.tal। बाक़ी आप सोचिए या खोजिए।

चलते-चलते

क्लास 4 और क्लास 5 में बताए गए CVC के नियमों से आप जान गए होंगे कि Man (पुरुष) का उच्चारण होगा मैन और Men (एक से ज़्यादा पुरुष) का उच्चारण होगा मेन। लेकिन यदि Wo.man (स्त्री) और Wo.men (स्त्रियाँ) का उच्चारण मैं पूछूँ तो बता पाइएगा? इनका उच्चारण है Wo.man=वुमन और Wo.men=विमिन। यहाँ man का उच्चारण मन हो गया और men का मिन! ऐसा और भी मामलों में होता है जैसे Bats.man= बैट्समन न कि बैट्समैन। इस पर क्लास 75 में आप और जान सकते हैं।

पसंद आया हो तो हमें फ़ॉलो और शेयर करें

One reply on “EC5 : General=जेनरल, न कि जनरल… मगर क्यों?”

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial