Categories
आलिम सर की हिंदी क्लास शुद्ध-अशुद्ध

232. पत्नी को क्या कहेंगे – बीवी या बीबी?

गुरुदत्त और मीना कुमारी की एक मशहूर फ़िल्म है – साहिब, बीबी और ग़ुलाम। उधर बाद के सालों में कई फ़िल्में बनीं जिनके शीर्षक में बीवी शब्द है। बीवी ओ बीवी, बीवी नंबर 1, मेरी बीवी की शादी, बीवी हो तो ऐसी आदि। ऐसे में प्रश्न उठता है कि पत्नी के लिए बीवी शब्द सही है या बीबी। यदि बीवी सही है तो बीबी का मतलब क्या है? आज की चर्चा इसी पर। रुचि हो तो पढ़ें।

यदि ऊपर दिए गए फ़िल्मी नामों को देखें तो आज की तारीख़ में पत्नी के अर्थ में बीवी शब्द ही अधिक प्रचलित लगता है। एक फ़ेसबुक पोल में भी यही नतीजा निकला। उस पोल में 80% के विशाल बहुमत ने बीवी के पक्ष में राय दी; 18% ने बीबी को सही बताया जबकि शेष 2% के अनुसार दोनों सही हैं।

यदि प्रचलन को पैमाना मानें तो बहुमत का निर्णय सही प्रतीत होता है। पत्नी के अर्थ में हिंदी में बीवी ही चलता है, बीबी चलता भी है तो बहुत कम। लेकिन यदि आप अपनी पत्नी को ‘ये मेरी बीबी हैं’ कहकर किसी से मिलाएँ तो यह भी ग़लत नहीं होगा। कारण, तमाम शब्दकोशों में बीबी का अर्थ पत्नी ‘भी’ दिया गया है।

एक वाक्य में कहूँ तो जहाँ अधिकतर शब्दकोशों में बीवी का अर्थ ‘केवल’ पत्नी है, वहीं बीबी के ‘कई’ अर्थ हैं और उन अर्थों में पत्नी भी शामिल है। शब्दकोशों में बीबी के ये सारे अर्थ दिए हुए हैं – 1. कुलवधू, कुलीन स्त्री, 2. पत्नी, स्त्री, 3. स्त्रियों के लिए आदरसूचक शब्द, 4. ननद या अविवाहित लड़की के लिए बोला जाने वाला आदरसूचक शब्द आदि।

नीचे देखें अलग-अलग शब्दकोशों में दिए गए बीवी और बीबी के अर्थ।

मगर दो प्रमुख हिंदी शब्दकोश – हिंदी शब्दसागर और मग्रेगर का ऑक्सफ़र्ड हिंदी शब्दकोश – बीबी और बीवी को समानार्थी मानते हैं (देखें चित्र)

इसका मतलब यह हुआ कि भले ही बीवी का प्रचलित अर्थ केवल पत्नी हो, वह उन सभी अर्थों के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है जिन अर्थों के लिए बीबी शब्द का प्रयोग होता है।

इसका सबसे बड़ा सबूत प्लैट्स के शब्दकोश में है। उसमें बीवी का अर्थ पत्नी न देकर Lady दिया हुआ है यानी किसी महिला के लिए इस्तेमाल होने वाला आदरसूचक शब्द। यही नहीं, पैग़ंबर मुहम्मद की बेटी फ़ातिमा के लिए भी बीवी शब्द के प्रयोग का हवाला दिया गया है – बीवी फ़ातिमा (देखें चित्र)। यानी केवल पत्नी के अर्थ में नहीं, सम्मान देने के लिए भी बीवी का प्रयोग बीबी की ही तरह हो सकता है।

प्लैट्स के शब्दकोश में बीवी का अर्थ।

सारे शब्दकोश बीवी और बीबी को फ़ारसी से आया बताते हैं मगर यह तय करना मुश्किल है कि मूल शब्द कौनसा है। ‘शब्दों का सफ़र’ के लेखक अजित वडनेरकर का अनुमान है कि मूल शब्द बीबी रहा होगा। उनके अनुसार बीबी शब्द अरबी के हबीबा/हबीबी से बना हो सकता है जिसका अर्थ है मित्र या मित्रवत। मुझे यह अनुमान बहुत कन्विंस नहीं करता।

मैंने सोचा, क्यों नहीं इसका पता फ़ारसी के शब्दकोशों से ही लगाया जाए। शायद वहाँ लिखा हो कि मूल शब्द कौनसा है। लेकिन वहाँ मुझे बहुत ही हैरान करने वाली जानकारी मिली। जानकारी यह कि स्टेनगैस के फ़ारसी शब्दकोश में बीवी है ही नहीं, केवल बीबी है। इससे भी अधिक हैरान किया मुझे इस बात ने कि हाइम के शब्दकोश में में न तो बीबी है, न ही बीवी।

अब इसका क्या अर्थ निकाला जाए? क्या हिंदी-उर्दू में बीवी और बीबी जितने प्रचलित हैं, उतने फ़ारसी में नहीं हैं?

चलिए, फ़ारसी को छोड़ते हैं। यह तो हमें मालूम ही है कि हिंदी-उर्दू में बीवी और बीबी कितने चलते हैं। यदि न मालूम हो तो पाकिस्तानी ड्रामे देख लें जिनमें पति के लिए शौहर और पत्नी के लिए बीवी शब्द का इस्तेमाल होता है जबकि अन्य महिलाओं और युवतियों को संबोधित करते हुए बीबी शब्द का प्रयोग किया जाता है। मगर मद्दाह के प्रतिष्ठित उर्दू-हिंदी शब्दकोश में भी बीवी और बीबी दोनों ग़ायब हैं। निश्चित रूप से यह एक चूक है क्योंकि ऐसा नहीं हो सकता कि मद्दाह साहब उर्दू में बीबी और बीवी के प्रचलन से अनजान रहे हों। मेरी समझ से बीबी और बीवी शब्द उर्दू में उतने ही आम हैं, जितना हिंदी में पत्नी।

तो आज की चर्चा का निष्कर्ष क्या रहा? निष्कर्ष यह कि प्रचलन को देखते हुए यदि पत्नी के अर्थ में बीवी और स्त्रियों को आदर देने के लिए बीबी का प्रयोग किया जाए तो किसी को कोई समस्या नहीं होगी। लेकिन जैसा कि हमने ऊपर की चर्चा में जाना, मूलतः दोनों शब्द समानार्थी हैं, इसलिए यदि कोई पत्नी के लिए बीबी या सम्मान देने के मक़सद से किसी को बीवी कह दे तो इसका बुरा मानते हुए उसे टोकने की ज़रूरत नहीं है।

पसंद आया हो तो हमें फ़ॉलो और शेयर करें

One reply on “232. पत्नी को क्या कहेंगे – बीवी या बीबी?”

मुझे लगता है बीबी ही सही शब्द है, प्रचलन को शब्द रचना के बदलाव के लिए अधिकृत माना जा सकता है परंतु शुद्धता का ध्यान भाषाविदों और साहित्यकारों को रखना चाहिए।

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial