Categories
Mispronounced English Words

CP38: Nobody में ‘बडी’, Everybody में ‘बॉडी’

अंग्रेज़ी में एक शब्द है B-O-D-Y जिसका उच्चारण आप जानते ही होंगे – बॉडी। लेकिन जब यह किसी शब्द के पीछे लगकर आता है तो इसका उच्चारण कभी ‘बॉडी’ होता है, कभी ‘बडी’।

  • पहले चित्र में आप चार शब्द देख रहे होंगे जिनमें दो में उसका उच्चारण ‘बडी’ हो रहा है और दो में ‘बॉडी’। उसका कारण समझने के लिए आगे पढ़ें।

Body के दो उच्चारणों का कारण क्या है? कारण है अंग्रेज़ी का स्ट्रेस का सिद्धांत जिसके अनुसार शब्द के जिस हिस्से (सिल्अबल) पर स्ट्रेस पड़ता है, उसमें मौजूद स्वर का उच्चारण भारी यानी (बड़ा) अ, आ, ऑ, ई, ऊ, ए, ऐ या ओ हो जाता है। इसके विपरीत जिस हिस्से पर स्ट्रेस नहीं होता, उसमें मौजूद स्वर का उच्चारण हलका यानी (छोटा) अ, इ या उ होता है।

आम तौर पर जिस स्वर पर स्ट्रेस पड़ता है, उसके आगे-पीछे के स्वर हलके हो जाते हैं। यानी पहला स्वर भारी हुआ तो उसके बाद वाला हलका और उसके बाद वाला फिर भारी।

Nobody का मामला बहुत रोचक है। इसमें एक ही व़ावल – O – दो बार आया है। लेकिन चूँकि पहले O पर स्ट्रेस है, इसलिए उसका उच्चारण भारी यानी ओ (No=नो) हो रहा है जबकि दूसरे पर स्ट्रेस नहीं है, इसलिए उसका उच्चारण हलका यानी छोटा अ (Bo=ब) हो रहा है। पूरे शब्द को बोलेंगे नो.ब.डी (No.bo.dy) (देखें चित्र)। 

Everybody में स्थिति भिन्न है। इसमें पहले शब्दांश या सिल्अबल Eve पर स्ट्रेस है इसलिए उसमें मौजूद E का उच्चारण भारी यानी ए (Eve=एव्) हो रहा है। नतीजतन उसके बाद का स्वर हलका हो जा रहा है। उसका उच्चारण हो रहा है – इ (ry=रि)। अब अगला स्वर फिर भारी होगा। देखें, अगला स्वर क्या है? वह है O। इसलिए इस O का उच्चारण भारी होगा – ऑ, न कि अ। शब्द का उच्चारण हुआ – एव्.रि.बॉ.डी (देखें चित्र)।

Some.bo.dy और A.ny.bod.y में भी क्रमशः यही स्थिति है। आप ख़ुद उसे शब्दांशों में बाँटकर देखें और इस नियम की परीक्षा करें।

अंग्रेज़ी में स्ट्रेस के सात नियम हैं। ये सात नियम जानने का लाभ यह है कि इसके बाद आप तक़रीबन 80% शब्दों के सही-सही उच्चारण का अंदाज़ा लगा सकते हैं।

पसंद आया हो तो हमें फ़ॉलो और शेयर करें

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial