Categories
Mispronounced English Words

CP64: Flour, Flower का एक उच्चारण – फ़्लावर

आटे के लिए अंग्रेज़ी में शब्द है F-L-O-U-R लेकिन हम उसे केवल मैदे के अर्थ में इस्तेमाल करते हैं। साथ ही हम उसे फ़्लॉर या फ़्लोर बोलते हैं, कुछ-कुछ Floor (फ़र्श) के उच्चारण की तरह क्योंकि हम समझते हैं कि F-O-U-R=फ़ॉर तो F-L-O-U-R=फ़्लॉर। लेकिन F-L-O-U-R का उच्चारण Floor जैसा नहीं, Flower जैसा है। क्यों है, यह जानने के लिए आगे पढ़ें।

आपको मालूम होगा कि अंग्रेज़ी में ow के दो उच्चारण होते हैं – ‘ओ‘ (Show) और ‘आउ‘ (Now)। Flower में भी ow का Now, How वाला ‘आउ‘ उच्चारण हो रहा है। इसी कारण ब्रिटिश इंग्लिश में उसे बोला जाता है – फ़्लाउअर। यहाँ अंतिम ‘र‘ साइलंट हो जा रहा है और उसकी जगह केवल ‘अ‘ बोला जा रहा है जैसे फ़्लाउअ बोला जा रहा हो।

  • हम भारत में आउअर को आवर में बदल देते हैं क्योंकि 
  • 1, हमारे बोलने के तरीक़े में ‘उ’ और ‘अ’ मिलकर ‘व’ बन जाते हैं। जैसे तनु+अंगी=तन्वंगी। 
  • 2. हमें अंतिम ‘र‘ के उच्चारण में कोई समस्या नहीं आती। सो फ़्लाउअर भारत में बन जाता है फ़्लावर, Power (पाउअर) हो जाता है पावर, Shower (शाउअर) हो जाता है शावर।

अब प्रश्न यह कि Flour का उच्चारण Flower की तरह का क्यों है। कारण यह कि पहले इसकी स्पेलिंग भी Flower ही थी। यानी Flower के दो अर्थ थे – फूल और महीन आटा (मैदा)। 19वीं शताब्दी के शुरू तक महीन आटे या मैदे के तौर पर ये दोनों शब्द चलते रहे। आगे चलकर Flower का अर्थ केवल फूल तक सीमित रह गया और मैदे के अर्थ में लोग Flour ही लिखने लगे। मगर उच्चारण दोनों का एक रहा।

दूसरे, Flour की स्पेलिंग भी Hour की तरह है। दोनों में O-U-R है। सो जैसे Hour को हम आवर (ब्रिटिश इंग्लिश में आउअर) कहते हैं, वैसे ही Flour का उच्चारण भी फ़्लावर (ब्रिटिश इंग्लिश में फ़्लाउअर) हो तो अचरज कैसा? वैसे भी अंग्रेज़ी में ou का उच्चारण आउ होता ही है। Round (राउंड), Loud (लाउड), Sound (साउंड) जैसे कई शब्द हैं जिनमें ou का उच्चारण आउ हो रहा है।

पसंद आया हो तो हमें फ़ॉलो और शेयर करें

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial