Categories
Mispronounced English Words NAMEGAME

AI का फ़ुल फ़ॉर्म जानते सब हैं मगर लिखते ग़लत हैं!

AI का मतलब क्या है, यह तो आप जानते होंगे – ARTIFICIAL Intelligence। लेकिन इस Artificial को क्या आप आर्टिफ़िशियल बोलते हैं? अगर हाँ तो यह लेख आपके काम का है क्योंकि आर्टिफ़िशियल ग़लत उच्चारण है।

फ़रवरी 26 में दिल्ली में AI समिट हुआ जो चीनी रोबोडॉग और बिल गेट्स को बुलावे के कारण चर्चित रहा।

इस AI का फ़ुल फ़ॉर्म क्या है, यह सभी जानते हैं – ARTIFICIAL Intelligence और ख़बरों में इसका ज़िक्र भी करते हैं। लेकिन AI के इस ARTIFICIAL को हिंदी मीडिया में अलग-अलग तरह से लिखा जाता है। अधिकतर इसे आर्टिफ़िशियल लिखते हैं, कोई-कोई आर्टिफ़िसियल और एकाध आर्टिफ़िशल।

आज की #शब्दचर्चा 73 में हम यही जानेंगे कि Artificial का सही उच्चारण क्या है।

इसका सही उच्चारण है आर्टिफ़िशल। यानी -CIAL में i साइलंट है। इसे शियल या सिअल नहीं, शल कहा जाता है (देखें चित्र)।

शब्दकोश में ARTIFICIAL का उच्चारण
राजपाल के कोश में ARTIFICIAL का उच्चारण।

चौंक गए? मगर क्यों? Special को आप क्या बोलते/लिखते हैं? स्पेशल या स्पेशियल/स्पेसियल? Social को आप क्या बोलते/लिखते हैं? सोशल या सोशियल/सोसियल?

तो जो नियम Special और Social जैसे शब्दों में काम करता है, वही नियम Artificial में भी काम करता है क्योंकि इन सबके अंत में –CIAL है। नियम बिल्कुल आसान है। जिन शब्दों के अंत में -CIAL होगा, उनका उच्चारण शल होगा, शियल या सियल नहीं चाहे वह Facial=फ़ेशल हो या Financial=फ़ाइनैंशल।

ऐसे ही कुछ और शब्द देखें –

  • Official – ऑफ़िशल
  • Commercial – कमर्शल
  • Judicial – जुडिशल
  • Crucial – क्रूशल

-CIAL की तरह -TIAL का उच्चारण भी शल होता है। जैसे-

  • Partial – पार्शल
  • Residential – रेज़िडेंशल
  • Essential – इसेंशल
  • Initial – इनिशल
  • Potential – पटेंशल
  • Confidential – कॉन्फ़िडेंशल

AI (Artificial Intelligence) के दूसरे भाग यानी Intelligence का भी सही उच्चारण इंटेलिजेंस या इंटेलीजेंस नहीं (जैसा कि आम तौर पर बोला या लिखा जाता है) बल्कि इंटेलिजंस है। क्यों है, उसके बारे में चर्चा फिर कभी।

पसंद आया हो तो हमें फ़ॉलो और शेयर करें

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial