Categories
English Class

EC17 : R ख़ुद हो जाए गुम, पर लंबी कर दे दुम

पिछली क्लासों में आपने पढ़ा कि अगर दो व्यंजनों (कॉन्सनंट) के बीच a आए तो उसका उच्चारण ऐ होता है जैसे Mat=मैट और अगर आख़िर में e आए तो a का उच्चारण हो जाता है ए जैसे Mate=मेट। व्यंजन बदल जाएँ, तब भी पैटर्न यही रहता है – Hat=हैट और Hate=हेट या Rag=रैग और Rage=रेज। लेकिन अगर अंतिम व्यंजन r हो तो क्या होता है? क्या Car का उच्चारण कैर होता है और Care का केर? नहीं। फिर r के मामले में क्या नियम हैं, जानने के लिए आगे पढ़ें।

पिछली क्लासों में आपने पाँचों व़ावल्स के उच्चारणों का बेसिक फ़ंडा समझा। CV, CVC और CVCe के पैटर्न के कारण ही शब्दों के उच्चारण बदलते हैं, यह जाना। (यहाँ C यानी कॉन्सनंट या व्यंजन और V यानी व़ावल या स्वर)। क्लास 4 में आपने पढ़ा कि CVC पैटर्न में व़ावल (V) की जगह A हो तो उसका उच्चारण होता है ऐ और CVC के बाद e आ जाए (CVCe)  तो A का उच्चारण हो जाता है ए। उदाहरण के लिए Rat=रैट और Rate=रेट। आप कॉन्सनंट बदल दो मगर व़ावल वही हो तो उच्चारण वही रहता है —  Can=कैन, Cane=केन। Hat=हैट, Hate=हेट। यह नियम सभी कॉन्सनंट पर लागू होता है केवल एक को छोड़कर और वह है R।

दो शब्द लीजिए — Car और CareCar CVC के पैटर्न में है — C कॉन्सनंट, a व़ावल और R कॉन्सनंट। लेकिन क्या इसका उच्चारण रैट, हैट और कैन की तरह कैर है? नहीं, यह है काऽ/कारus। इसी तरह Care भी CVCe के पैटर्न में है — C कॉन्सनंट, a व़ावल, R कॉन्सनंट और आख़िर में e। मगर क्या Care का उच्चारण रेट (Rate), हेट (Hate) और केन (Cane) की तरह केर है? नहीं, वह है केअ/केअरus

यह बात बाक़ी के तीन व़ावल के साथ भी है। H-e-n से हेन होता है लेकिन H-e-r से हेर नहीं, हऽ/हरus होता है। S-i-t से सिट होता है लेकिन S-i-r से सिर नहीं, सऽ/सरus होता है। F-u-n से फ़न होता है लेकिन F-u-r से फ़र नहीं, फ़ऽ/फ़रus होता है यानी र साइलंट और फ़ का स्वर यानी अ थोड़ा लंबा खिंच जाता है। 

इसी तरह CVCe वाले पैटर्न में देखिए। C-e-d-e से सीड होता है, लेकिन H-e-r-e से हीर नहीं, हिअ/हिअरus होता है। M-i-n-e से माइन होता है, लेकिन F-i-r-e से फ़ाइर नहीं, फ़ाइअ/फ़ाइअरus (फ़ायया फ़ायरus जैसे उच्चारण) होता है। C-u-t-e से क्यूट होता होता है लेकिन P-u-r-e से प्यूर नहीं, प्युअ/प्युअरus होता है।

आपने यदि ऊपर के शब्दों को ध्यान से देखा होगा तो पता चल गया होगा कि R के मामले में क्या तब्दीलियाँ हो रही हैं। संक्षेप में कहूँ तो सभी में R ख़ुद तो ग़ायब हो जाता है लेकिन अपनी निशानी के तौर पर शब्द में इस्तेमाल हो रहे व़ावल की ध्वनि को लंबा कर देता है। जैसे Car में र का उच्चारण नहीं होगा लेकिन a का जो आ उच्चारण है, उसको लंबा कर देता है और वह हो जाता है आऽ। नीचे चारों तब्दीलियाँ पेश हैं।

तब्दीली 1

CVC वाले शब्दों में R के कारण a का उच्चारण ऐ की बजाय आऽ (लंबा आ) हो रहा है। जैसे Car (काऽ

तब्दीली 2

CVC वाले शब्दों में R के कारण e, i और u का उच्चारण ए, इ और अ की बजाय अऽ (लंबा अ) हो रहा है। जैसे Her (हऽ), Sir (सऽ) और Fur (फ़ऽ

तब्दीली 3

CVCe वाले शब्दों में a, e, i और u के मामले में एक अतिरिक्त अ आ जा रहा है। Care (केअ/केअरus), Here (हिअ/हिअरus), Fire (फ़ाइअ/फ़ाइअरus) और Pure (प्युअ/प्युअरus)।

अब हम o की बात करते हैं। R के मामले में CVC और CVCe दोनों ही स्थितियों में इसका उच्चारण ऑऽ होता है। लेकिन यह ऑऽ Pot (पॉट) के ऑ से थोड़ा लंबा है और Stone (स्टोन) वाले ओ से तो अलग है ही। तो तब्दीली 4 यह रही।

तब्दीली 4

CVC वाले शब्दों में R के कारण o का उच्चारण ऑ की बजाय ऑऽ होगा और CVCe वाले शब्दों में भी ओ के बजाय ऑऽ होगा। Cord=कॉऽड, For=फ़ॉऽ, Be.fore=बिफ़ॉ, Store=स्टॉऽ। वैसे अमेरिकी पद्धति में CoRe वाले शब्दों में ओ का उच्चारण भी चलता है। यानी बिफ़ोर और स्टोर भी सही हैं जैसा कि हम भारतीय बोलते हैं।

ऊपर कही बातों को नियम के तौर पर समझाने के लिए मैंने नीचे 10 कॉम्बिनेशन दे दिए हैं। जहाँ ऐसा पैटर्न देखें, आप नीचे दिए गए तरीक़े के मुताबिक़ उच्चारण करें।

नीचे इनके उदाहरण और साथ में कुछ अपवाद भी दे रहा हूँ।

CVr/CVrC वाले शब्द

-ar=आऽ/आऽ/आऽरus

Park (पाऽक/पार्कus), Car (काऽ/कारus) लेकिन लेकिन कभी-कभी ऐर जैसे Car.rot (कैरट), Char.i.ty (चैरिटी) आदि।

-er=अऽ/अऽ/अरus

Jerk (जऽक/जर्कus), Suf.fer (सफ़/सफ़रus) लेकिन Clerk (क्लाऽक/क्लर्कus), Ser.geant (साऽजंट/सार्जंटus

-ir=अऽ/अऽ/अरus

Bird (बऽड/बर्डus), Dirt (डऽट/डर्टus), Birth (बऽथ/बर्थus)

-or=ऑऽ/ऑऽ/ऑरus

Cor.ner (कॉऽन/कॉर्नरus), Bor.der (बॉऽड/बॉर्डरus)

-ur=अऽ/अऽ/अरus

Bur.ner (बऽन/बर्नरUS), Curd (कऽड/कर्डUS) लेकिन Bur.ial (बेरिअल)

CVre वाले शब्द

-are=एअ/एअरus

Care (केअ/केअरUS), Scare (स्केअ/स्केअरUS

-ere=इअ/इअरus

Here (हिअ/हिअरus), Mere (मिअ/मिअरus

-ire=आइअ/आइअरus

Fire (फ़ाइअ/फ़ाइअरus), Hire (हाइअ/हाइअरus

-ore=ऑऽ/ऑरus

More (मॉऽ/मॉरus), Store (स्टॉऽ/स्टोरUS/स्टॉरus)

-ure=युअ/उअ/ऑऽ/युअरus/उअरus/ऑरus

Pure (प्युअ/प्युअरus), Sure (शुअ/शुअरus) लेकिन Sure (शॉऽ/शॉरus/शरus) भी

इस क्लास का सबक़

  • जब CVC पैटर्न वाले शब्द या शब्दांश में किसी व़ावल के बाद R आता है तो ब्रिटिश इंग्लिश में R साइलंट हो जाता है और उसके पहले वाले व़ावल का उच्चारण थोड़ा लंबा हो जाता है। -ar के मामले में उच्चारण आऽ (यदि R बीच में हो) या आऽ (यदि R अंत में हो) होता है। इसी तरह -er, ir और -ur के मामले में उच्चारण अऽ और अऽहोता है। -or के मामले में उच्चारण होता है ऑऽ या ऑऽ
  • यदि शब्द या शब्दांश CVCe वाले पैटर्न में हो तो R के कारण एक अतिरिक्त अ जुड़ जाता है। जैसे -are में एअ, -ere में इअ, -ire में आइअ, -ure में उअ।-ore थोड़ा अलग है।  उसमें ऑऽ का उच्चारण होता है। अमेरिकी उच्चारण पद्धति में इन सभी मामलों में R का वैसे ही उच्चारण किया जाता है जैसे कि हम भारतीय करते हैं यानी र के साथ।
  • सबके उदाहरण ऊपर दिए हुए हैं।

अभ्यास

मुझे लगता है कि यह क्लास बहुत लंबी और बोझिल हो गई है क्योंकि इसमें एकसाथ बहुत सारी बातें बताने की कोशिश की गई हैं जिनको समझना किसी के लिए भी मुश्किल हो सकता है। इसलिए मेरा सुझाव है कि आप तब्दीली 1, तब्दीली 2, तब्दीली 3 और तब्दीली 4 पर जाएँ। वहाँ जैसी स्थितियाँ बताई गई हैं, वैसे ही शब्द खोजिए और उनके उच्चारणों का अंदाज़ा लगाइए। मसलन तब्दीली 1 में CaR का पैटर्न है। आप इस लिंक पर जाकर bar वाले शब्दों में से पाँच शब्दों की लिस्ट बनाइए। इसी तरह bar को car, dar आदि कर दें और नए शब्द खोजें और इस लिस्ट में जोड़ें। इसके बाद जैसा बताया गया है, वैसा उच्चारण करें और देखिए कि यह सही है या नहीं।

इस तरह से आप शब्दों के उच्चारण को ज़्यादा आसानी से समझ पाएँगे बजाय नियमों में उलझने के। कभी कन्फ़्यूश्ज़न हो तो नियम देख सकते हैं। 

पसंद आया हो तो हमें फ़ॉलो और शेयर करें

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial