बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री हसीना वाज़ेद की पार्टी का नाम क्या है? अवामी लीग या आवामी लीग? हिंदी की कुछ न्यूज़ वेबसाइटें अवामी लीग रही हैं तो कुछ आवामी लीग। आइए, जानते हैं सही क्या है।
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी का नाम हिंदी मीडिया में दो तरह से लिखा जा रहा है। नवभारत टाइम्स, बीबीसी और आजतक में मैंने अवामी लीग पाया तो जागरण, प्रभात ख़बर और NDTV हिंदी पर आवामी लीग (देखें चित्र)।


सही है अवामी लीग। कारण, यह अरबी भाषा के अवाम से बना है जिसका मतलब वही है जो हिंदी में जनता का है (देखें चित्र) ।

यह सही है कि बांग्ला में इसे आवामी लीग (আওয়ামী লীগ) ही लिखा जाता है (देखें चित्र) लेकिन इसका कारण बांग्ला में बोलने और लिखने का तरीक़ा है जहाँ ‘अ’ का उच्चारण कई मामलों में ‘आ’ हो जाता है। कहानी को बांग्ला में काहिनी (কাহিনী) कहते हैं, बस को बास (বাস) कहते हैं।

इसी तरह शेख हसीना वाज़ेद बांग्ला में शेख हासिना वाज़ेद (শেখ হাসিনা ওয়াজেদ) हो जाती हैं। देखें बांग्ला वेबसाइट आनंदबाजार.कॉम पर उनका नाम – हसीना के बजाय হাসিনা (हासिना) लिखा हुआ है।

लेकिन हम हिंदी में उन्हें हासिना तो नहीं लिखते, हसीना ही लिखते हैं। इसलिए भले ही बांग्ला में पार्टी का नाम आवामी लीग लिखा जाए, हिंदी में उसे अवामी लीग लिखना ही सही है।
यदि आपको अख़बारों, वेबसाइटों या न्यूज़ चैनलों पर बोले या लिखे जा रहे किसी नाम या शब्द को लेकर उलझन है तो इस पते पर ईमेल करें –ShabdCharcha@gmail.com
