अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump का नाम हिंदी मीडिया में डोनाल्ड ट्रंप लिखा रहा है। लेकिन क्या यह उनके नाम का सही उच्चारण है? आज की शब्दचर्चा में इसी की जाँच-पड़ताल की गई है। रुचि हो तो पढ़ें।
हिंदी की अधिकतर वेबसाइटों में Donald Trump को डोनाल्ड ट्रंप लिखा जाता है। आम तौर पर सही वर्तनी का इस्तेमाल करने वाला बीबीसी भी उन्हें डोनाल्ड ही लिख रहा है जबकि प्रिंट हिंदी और लल्लनटाप की ख़बरों में मुझे डॉनल्ड दिखा (देखें चित्र)।

सही है डॉनल्ड।
कारण, अंग्रेज़ी में, ख़ासकर ब्रिटिश इंग्लिश में DONALD का उच्चारण डॉनल्ड ही होता है। मशहूर कार्टून कैरक्टर Donald Duck को भी डॉनल्ड डक ही बोला जाता है। इसकी वजह इंग्लिश का बहुत ही आसान नियम है जिसकी जानकारी हमें भले ही न हो लेकिन जिसका पालन हम अंग्रेज़ी शब्दों को बोलते समय हर रोज़ करते हैं।
नियम यह है कि यदि अंग्रेज़ी के किसी संज्ञा (noun) शब्द में दो वावल (A, E, I, O, U या Y) हों और उनके बीच एक या अधिक कॉन्सनंट हों जैसे कि DONALD में O और A के बीच N है तो पहला वावल भारी बोला जाएगा और दूसरा हल्का बोला जाएगा। भारी मतलब आ, ऑ, ए, ऐ आदि और हल्का मतलब अ, इ या उ।
अब SEVEN को लें। इसमें दो E हैं। लेकिन क्या दोनों E का एक ही उच्चारण हो रहा है? क्या उसे हम सेवेन कहते हैं? नहीं। हम इसे सेवन कहते हैं। यानी पहले E को बोला जा रहा है ‘ए’ (भारी) जबकि दूसरे E को बोला जा रहा है ‘अ’ (हल्का)। सेवन।
इसी तरह DOCTOR. इसे भी हम डॉक्टॉर नहीं कहते, डॉक्टर कहते हैं। DOCTOR में पहले O का उच्चारण हो रहा है ‘ऑ’ (भारी) जबकि दूसरे O का उच्चारण हो रहा है ‘अ’ (हल्का)।
एक वाक्य में कहें तो दो सिल्अबल वाले शब्दों में दूसरा वावल हल्का बोला जाएगा अगर वह शब्द नाउन है तो।
DONALD भी नाउन है इसलिए यही नियम इसपर भी लगेगा। इसके पहले हिस्से में आने वाले O का उच्चारण तो होगा भारी यानी ‘ऑ’ लेकिन दूसरे हिस्से में मौजूद A का उच्चारण होगा हल्का यानी ‘अ’। डॉनल्ड। डॉनल्ड ट्रंप। आप किसी भी इंग्लिश न्यूज़ चैनल पर सुनें। यही उच्चारण मिलेगा। हमे हिंदी में भी यही लिखना चाहिए।
लेकिन यहाँ एक पेच है। ब्रिटिश इंग्लिश में तो इसे डॉनल्ड बोलेंगे लेकिन अमेरिकी अंग्रेज़ी में इसका उच्चारण होगा डानल्ड। कारण यह कि वहाँ O का उच्चारण कई जगहों पर ‘आ’ होता है। जैसे Hot का हाट, Don का डान। इसीलिए Donald का उच्चारण भी अमेरिकी अंग्रेज़ी में डानल्ड होगा।
चूँकि ट्रंप अमेरिकी हैं सो यदि कोई संस्थान उनके नाम का अमेरिकी उच्चारण लिखना चाहे तो डानल्ड भी लिख सकता है। लेकिन डोनाल्ड या डॉनाल्ड तो बिल्कुल ग़लत हैं।
यदि आपको अख़बारों, वेबसाइटों या न्यूज़ चैनलों पर बोले या लिखे जा रहे ऐसे ही किसी नाम या शब्द को लेकर उलझन है तो इस पते पर ईमेल करें – ShabdCharcha@gmail.com
