बंगाल के मशहूर क्रिकेट खिलाड़ी Sourav Ganguly का नाम तक़रीबन सारा हिंदी मीडिया ग़लत लिख रहा है — सौरव गांगुली। क्या है बांग्ला में उनके नाम की स्पेलिंग और उच्चारण, यह जानना हो तो पढ़ें।
इस खिलाड़ी के नाम की अंग्रेज़ी स्पेलिंग है SOURAV Ganguly और इसी की देखादेखी सारी हिंदी वेबसाइटें उनका नाम सौरव गांगुली लिख रही हैं केवल दो को छोड़कर – बीबीसी और 4PM News।
बीबीसी और 4PM News में इनका नाम लिखा जा रहा है सौरभ गांगुली और यही उनका सही नाम है। सौरभ का मतलब है सुगंध। कोलकाता से प्रकाशित बांग्ला के सबसे बड़े अख़बार आनंद बाज़ार पत्रिका में उनका नाम देखिए – सौरभ (সৌরভ) ही लिखा हुआ है।

अब आप पूछ सकते हैं कि जब नाम सौरभ है तो अंग्रेज़ी स्पेलिंग SOURABH होनी चाहिए थी, SOURAV नहीं। अगर नाम के अंत में v है तो तय है कि उनका नाम सौरव ही होगा, सौरभ नहीं।
बात सही है। जब नाम में ‘v’ है तो उसका उच्चारण ‘व’ होना चाहिए, यह आप भी जानते हैं और मैं भी जानता हूँ। लेकिन बंगाली यह बात जानते भी हों तो मानते नहीं हैं। वे मानते हैं कि ‘v’ का उच्चारण ‘व’ नहीं, ‘भ’ होता है। इसीलिए वे virus को भाइरास, CoVid को कोभिड और vote को भोट बोलते और लिखते हैं (देखें चित्र)। अब जब उनकी निगाह में v का उच्चारण ‘भ’ है तो वे सौरभ को अंग्रेज़ी में लिखते समय SAURAV ही लिखेंगे।


अगर अमिताभ बच्चन बंगाली परिवार में पैदा होते तो उनके नाम की अंग्रेज़ी स्पेलिंग Amitav होती, Amitabh नहीं। विश्वास नहीं होता तो ज्ञानपीठ पुरस्कार-प्राप्त बंगाली लेखक अमिताभ घोष का नाम गूगल करके देखिए – आपको Amitav Ghosh लिखा मिलेगा लेकिन बांग्ला अख़बारों में उनको भी अमिताभ घोष ही लिखा जाता है।
लेकिन हिंदी में? अफ़सोस की बात है कि हमारे हिंदी मीडिया में बैठे हुए ‘ज्ञानी’ पत्रकार उनका नाम अमिताव ही लिख रहे हैं। लेकिन यही ‘ज्ञानी’ पत्रकार अपने उसी ज्ञान का उपयोग करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकर अजित डोभाल का सरनेम डोवाल नहीं लिखते भले ही अंग्रेज़ी में उसकी स्पेलिंग DOVAL ही हो (देखें चित्र)।

तो जिस तरह से अंग्रेज़ी स्पेलिंग में Doval होते हुए भी हिंदी में उसे डोभाल कर दिया जाता है क्योंकि वही उनके सरनेम का सही उच्चारण है, वैसे ही गांगुली दा के नाम की अंग्रेज़ी स्पेलिंग Sourav और अमिताभ घोष के अंग्रेज़ी नाम की स्पेलिंग Amitav होने के बावजूद हिंदी में हमें सौरभ और अमिताभ ही लिखा जाना चाहिए।
अगर आप भी किसी नाम को लेकर उलझन में हों तो ShabdCharcha@gmail.com लिखें।
