Categories
शब्दचर्चा

चर्चित TMC सांसद सयानी, सायनी, सयोनी या सायोनी?

पश्चिम बंगाल की चर्चित युवा सांसद Saayoni Ghosh का नाम हिंदी मीडिया में चार तरह से लिखा जा रहा है। इस शब्दचर्चा में यही बताया गया है कि उनके नाम का सही उच्चारण क्या है।

बंगाल चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार के बाद जो सांसद ममता बनर्जी से अलग होकर एक नया गुट बना रहे हैं, उनमें वह युवा सासंद भी है जिनका काबा-मदीना वाला गाना चुनाव से पहले ख़ूब वायरल हुआ था।

उस अभिनेत्री-गायिका सांसद का नाम हिंदी मीडिया में चार तरह से लिखा जा रहा है – सयानी, सयोनी, सायनी और सायोनी। आइए, देखें, कौन क्या लिख रहा है।

  • सयानी – आजतक, NDTV हिंदी, ABP न्यूज़, जागरण
  • सयोनी – हिंदुस्तान, NDTV हिंदी, News18
  • सायनी – ABP News, लोकमत हिंदी
  • सायोनी – नवभारत टाइम्स, जनसत्ता, NDTV हिंदी

आपने अराजकता का हाल देखा! NDTV हिंदी अपनी अलग-अलग ख़बरों में एक ही नाम को तीन तरह से लिख रहा है – सयानी, सयोनी और सायोनी। ABP न्यूज़ भी कम नहीं है। उसकी दो अलग-अगग ख़बरों में इस नाम के दो रूप हैं – सयानी और सायनी।

अब बात करते हैं इसकी सही स्पेलिंग की। बांग्ला में इसे সায়নী ঘোষ (सायनी घोष) लिखा जाता है लेकिन ‘य’ का उच्चारण ‘यो’ जैसा होता है। इसी कारण अंग्रेज़ी की स्पेलिंग SAAYONI Ghosh है।

यानी बांग्ला स्पेलिंग के हिसाब से लिखा जाए तो होगा सायनी घोष जबकि उच्चारण (और अंग्रेज़ी स्पेलिंग) के हिसाब से लिखा जाए तो होगा सायोनी घोष।

सायनी के माता-पिता ने उनका यह नाम किस शब्द के आधार पर रखा, यह कहना मुश्किल है। वैसे बांग्ला में सायन शब्द का मतलब है वर्ष का वह समय जब रात और दिन बराबर होते हैं। ऐसा साल में दो बार होता है – 20 मार्च और 23 सितंबर के आसपास। 20 मार्च के बाद दिन लंबा होने लगता है और रात छोटी होने लगती है। इसके विपरीत 23 सितंबर के बाद दिन छोटा होने लगता है और रात लंबी होने लगती है।

संस्कृत में इसके लिए विषुव शब्द है।

मेरी समझ से सायनी घोष को यह नाम सूट भी करता है क्योंकि वह जो क़दम उठा रही हैं, उसके बाद उनकी रातें (तृणमूल का अँधेरा) छोटी होनेवाली हैं और दिन (बीजेपी का उजाला) लंबे होनेवाले हैं।

वैसे वह अपना नाम बदलकर सयानी भी कर सकती हैं क्योंकि जो काम वह कर रही है, वह ‘सयाने’ लोग ही किया करते हैं।

पसंद आया हो तो हमें फ़ॉलो और शेयर करें

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial