Categories
शब्दचर्चा

ब्रिटेन के संभावित पीएम का नाम न बर्नहम है, न बर्नहैम

ब्रिटेन के संभावित प्रधानमंत्री Andy Burnham का सरनेम हिंदी मीडिया में दो तरह से लिखा जा रहा है – बर्नहम और बर्नहैम। लेकिन ये दोनों ही ग़लत उच्चारण हैं। Burnham का सही उच्चारण क्या है, आज की शब्दचर्चा में उसी पर बात की गई है।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किअर स्टार्मर के इस्तीफ़ा देने के बाद जिन सांसद महोदय की अगले प्रधानमंत्री के रूप में चर्चा हो रही है, उनका नाम है Andy Burnham और सारा हिंदी मीडिया, जिसमें आश्चर्यजनक रूप से बीबीसी हिंदी भी शामिल है, उनका नाम ग़लत लिख रहा है। आइए, पहले देखें कि कहाँ क्या लिखा जा रहा है।

बर्नहैम – बीबीसी हिंदी, जागरण, अमर उजाला, ABP News, दैनिक भास्कर, जनसत्ता, हिंदुस्तान, आजतक।
बर्नहम – NDTV हिंदी, नवभारत टाइम्स, न्यूज़ 18, जागरण, अमर उजाला।

आपने देखा, कुछ बर्नहैम लिख रहे हैं, कुछ बर्नहम और अमर उजाला और जागरण में दोनों रूप चल रहे हैं – जिसे जो मन आए, लिख दे।

लेकिन इनमें से कोई भी उच्चारण सही नहीं है। सही इसलिए नहीं कि Burnham में h साइलंट है, उसका उच्चारण ही नहीं होगा। इसको बोला और लिखा जाएगा – बर्नम। आप कैंब्रिज के शब्दकोश में Burnham का उच्चारण देख सकते हैं या न्यूज़ चैनलों के विडियो में उनके सरनेम का उच्चारण सुन सकते हैं।

वैसे Andy का उच्चारण भी ऐंडी होता है, न कि एंडी। इस हिसाब से ब्रिटेन के संभावित प्रधानमंत्री के नाम का सही उच्चारण है ऐंडी बर्नम

दरअसल यह एक स्थान-आधारित सरनेम है। ब्रिटेन में Burnham नाम की कई जगहें हैं। यह Old English के Burna और Ham शब्द से मिलकर बना है। Burna का अर्थ है छोटी नदी या धारा और Ham का मतलब है घर, गाँव या बस्ती। तो छोटी नदी के किनारे जो बस्ती बसी, उसका नाम हो गया Burnham। बाद में वहाँ रहने वालों ने इसे अपना सरनेम बना दिया जो आज तक चल रहा है।

पसंद आया हो तो हमें फ़ॉलो और शेयर करें

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial