Categories
शब्दचर्चा

अमेरिकी उपराष्ट्रपति का सरनेम – वेंस, वैंस या वांस?

अमेरिकी उपराष्ट्रपति  James David Vance का सरनेम हिंदी मीडिया में तीन तरह से लिखा जा रहा है – वांस, वेंस और वैंस। आज की शब्दचर्चा इसी पर है कि उनके सरनेम का सही उच्चारण और स्पेलिंग क्या है।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति James David Vance ईरान से शांति वार्ता के लिए इस्लामाबाद पहुँचे हुए थे परंतु दोनों पक्षों में कोई समझौता नहीं होने पर रविवार को ख़ाली हाथ लौट गए।

इन ख़बरों को लिखते हुए हिंदी मीडिया ने उनका नाम (यानी सरनेम) तीन तरह से लिखा – वांस, वेंस और वैंस (देखें चित्र)।

आइए, देखें, कौन क्या लिख रहा है।

वेंस – ABP न्यूज़, BBC हिंदी, जागरण, हिंदुस्तान, भास्कर और नवभारत टाइम्स
वांस – News18, BBC हिंदी और NDTV हिंदी
वैंस – DW, ABP न्यूज़, ET हिंदी और News On AIR

आपने ऊपर की लिस्ट को ग़ौर से देखा होगा तो पाया होगा कि ABP न्यूज़ और BBC हिंदी उपराष्ट्रपति का सरनेम दो-दो तरह से लिख रहे हैं। जागरण ने और भी ग़ज़ब का काम किया है। उपराष्ट्रपति के नाम में वेंस लेकिन उनकी पत्नी के नाम में वांस लिखा है।

आज की शब्दचर्चा 81 में हम यही जानेंगे कि इन तीनों में सही क्या है।

यदि आप Chance, Dance और Glance के उच्चारणों को ध्यान में रखेंगे तो आप बेहिचक कह सकते हैं कि Vance का उच्चारण होगा वांस।

लेकिन मामला यह है कि J D Vance अमेरिकी उपराष्ट्रपति हैं और अमेरिका में –ance से अंत होने वाले शब्दों का उच्चारण अलग तरह से होता है। वहाँ इन्हें ऐंस बोलते हैं। यानी Chance, Dance और Glance का अमेरिकी उच्चारण चैंस, डैंस और ग्लैंस है। इसलिए अमेरिकी अंग्रेज़ी में Vance का उच्चारण भी वैंस होगा, वेंस या वांस नहीं।

यानी हिंदी की सभी बड़ी वेबसाइटें अमेरिकी उपराष्ट्रपति का नाम ग़लत लिख रही हैं। लिखना चाहिए वैंस, लिख रही हैं वेंस या वांस।

यदि आपको अख़बारों, वेबसाइटों या न्यूज़ चैनलों पर बोले या लिखे जा रहे किसी नाम या शब्द को लेकर उलझन है तो इस पते पर ईमेल करें – ShabdCharcha@gmail.com

पसंद आया हो तो हमें फ़ॉलो और शेयर करें

अपनी टिप्पणी लिखें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial