Categories
Mispronounced English Words

CP92: Career का सही उच्चारण है करिअर

Career को आज भी कई लोग कैरियर कहते हैं। मगर इसका सही उच्चारण है करिअर। बोलते समय करियर जैसा उच्चारण होता है। यदि आप Career को कैरियर बोलेंगे तो लोग Carrier समझेंगे। Carrier (कैरिअर) Carry से बना है। मतलब है – वह व्यक्ति या वाहन जो सामान carry करे यानी ढोए। इसलिए यदि आज तक Career को कैरियर बोलते आए हों तो आज से करिअर बोलना शुरू करें। आपके करिअर के लिए फ़ायदेमंद होगा। Career का सही उच्चारण सुनने के लिए देखें यह विडियो।

Categories
Mispronounced English Words

CP91: Almonds में L साइलंट है, बोलेंगे आमंड्ज़

Almonds का मतलब है बादाम और इसमें L साइलंट रहता है जैसे Walk, Talk, Palm, Folk आदि में L साइलंट होता है। बाक़ी S का उच्चारण ‘स’ के बजाय ‘ज़’ इसलिए हो रहा है कि अंतिम S से पहले फ़ और (FoKuT Ki Pi Thi=फोकट की पी थी) के अलावा कोई अन्य ध्वनि हो तो उसका उच्चारण ‘ज़’ होता है। यहाँ S से पहले ‘D/ड’ की ध्वनि है इसलिए उसका उच्चारण ‘ज़’ हो रहा है।

  • बहुवचन के तौर पर किसी शब्द के अंत में लगने वाले S का उच्चारण क्या होगा, इस विषय में और विस्तार से जानने के लिए पढ़ें क्लास EC34.
Categories
Mispronounced English Words

CP90: Mythology का सही उच्चारण है मिथॉलजी

Mythology Myth से बना है जिसका अर्थ है पौराणिक कथा जो विशेषतया देवताओं और वीर पुरुषों के विषय में होती हैं और जिनमें प्राकृतिक या ऐतिहासिक घटनाओं का वर्णन होता है लेकिन इन घटनाओं को कोई सबूत नहीं होता। इसीलिए Myth का एक अर्थ है – बहुत से लोगों द्वारा माना जाने वाला एक मनगढ़ंत विचार या विश्वास। Myth का उच्चारण है मिथ। हिंदी में इसे मिथक कहते हैं।

  • जैसा कि ऊपर कहा गया, Mythology Myth (मिथ) से बना है। इस हिसाब से इसका उच्चारण मिथॉ** होना चाहिए। लेकिन अधिकतर भारतीय इसे माइथॉ** बोलते हैं। शायद Psychology (साइकॉ**) और Biology (बायॉ**/बाइऑ**) के उच्चारण से प्रभावित होकर। 

Categories
Mispronounced English Words

CP89: Happy का सही उच्चारण हैपी है, हेप्पी नहीं

Happy का उच्चारण हैप्पी/हेप्पी होगा या हैपी? शब्द में दो बार p होने से यही आभास मिलता है कि इसमें p का उच्चारण दो बार होता होगा। हिंदी में यही होता है। मगर अंग्रेज़ी में नहीं। अंग्रेज़ी में एक ही लेटर जब साथ-साथ आए तो उसका सिंगल उच्चारण होता है। इसलिए Happy का उच्चारण होगा हैपी। इसी तरह Sunny का उच्चारण होगा – सनी, न कि सन्नी, Mummy का उच्चारण होगा ममी, न कि मम्मी।

  • सोचिए, Daddy में d दो बार है तो क्या उसे डेड्डी बोलते हैं? Bottle में t दो बार है तो क्या उसे बॉट्टल बोलते हैं? जब इन शब्दों में आसपास बैठे हुए दो समान लेटर्ज़ का एक ही उच्चारण हो रहा है तो Happy, Sunny, Mummy या में p, n या m का डबल उच्चारण क्यों?

लेकिन कुछेक शब्दों में एक ही लेटर साथ-साथ आए तो उसका उच्चारण होता है। कब यह जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक या टैप करें।

Categories
Mispronounced English Words

CP88: Cough को बोलेंगे कॉफ़, मतलब है खाँसी

हिंदी के कफ़ और अंग्रेज़ी के Cough के दो अलग-अलग अर्थ और उच्चारण हैं। कफ़ का अर्थ है बलग़म जबकि Cough का मतलब है खाँसी या खाँसना। उसका उच्चारण भी कफ़ नहीं, कॉफ़ है। अंग्रेज़ी में कफ़ कहेंगे तो लोग Cuff समझेंगे जो किसी शर्ट की बाँह के अंतिम छोर में बनी चोकोर पट्टी को कहते हैं। इसी से बना है Cufflink (कफ़लिंक)।

  • अरबी और फ़ारसी में भी कफ़ नाम वाले शब्द हैं। अरबी में कफ़ का अर्थ है हथेली। यह अर्थ अंग्रेज़ी के Cuff से आश्चर्यजनक रूप से मिलता-जुलता है। फ़ारसी में कफ़ का अर्थ है फेन या झाग जो संस्कृत/हिंदी के कफ़ (बलग़म) के काफ़ी क़रीब है।

बलग़म के लिए अंग्रेज़ी में दो शब्द चलते हैं – Phlegm (फ़्लेम) और Mucus (म्यूकस)। लेकिन इस Phlegm (फ़्लेम) का उच्चारण लपट वाले Flame (फ़्लेऽम) से अलग है। Phlegm में छोटा ए (ऍ) है जबकि Flame में लंबा ए (एऽ)। इसके बारे में इंग्लिश क्लास EC16 में विस्तार से चर्चा की गई है। पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक या टैप करें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial