Mispronounced English Words में आप उन शब्दों के बारे में जानेंगे जिनका आम तौर पर भारत में ग़लत उच्चारण किया जाता है। यहाँ न केवल सही उच्चारण बताया जाएगा बल्कि कुछ नियम भी बताए जाएँगे जिनसे उस उच्चारण को याद रखना आसान हो।
Villain को कई लोग विलेन कहते हैं। इसमें उनका दोष नहीं क्योंकि Chain में ai का उच्चारण ‘ए’ ही है, Train में भी ai का उच्चारण ‘ए’ है। इसी तरह कुछ लोग जो Villain की स्पेलिंग नहीं जानते, वे उसमें मौजूद ai को ia समझकर उसे विलयन बोलते हैं। दोनों ग़लत हैं। Villain का सही उच्चारण है विलन। क्यों, यह जानने के लिए आगे पढ़ें।
Celebrate का उच्चारण होता है सेलिब्रेट, यह हम सब जानते हैं। मगर Celebrity का उच्चारण सेलिब्रिटी नहीं, सिलेब्रिटी होगा। कारण, स्ट्रेस का नियम 4b जो यह कहता है कि अगर किसी शब्द के अंत में i से शुरू होने वाला सफ़िक्स हो तो स्ट्रेस उससे पहले वाले व़ावल (सिल्अबल) पर पड़ेगा।
जो नहीं जानते, उन्हें बता दूँ कि सफ़िक्स वे होते हैं जो किसी शब्द के अंत में जुड़कर नया शब्द बनाते हैं। जैसे Celebrate एक क्रिया है। इसके अंत में –ity लगाएँगे तो नया शब्द बनेगा Celebrity जो कि संज्ञा है। इसलिए –ity हुआ सफ़िक्स।
स्ट्रेस के नियम 4b के आधार पर Celebrity के उच्चारण का पता कैसे लगाएँगे, यह जानने के लिए आगे पढ़ें।
Humour का उच्चारण होता है ह्यूमर। इसकी देखादेखी लोग Rumour का उच्चारण करते हुए र् के बाद यू लगा देते हैं जबकि इसका सही उच्चारण होगा रूमर। क्यों? क्योंकि ज, श, ल, च और र की ध्वनि के बाद u आए तो उसका उच्चारण यु या यू नहीं होता, उ या ऊ होता है। जैसे Jute का उच्चारण जूट (न कि ज्यूट), Sugar का उच्चारण शुगर (न कि श्युगर), Flute का उच्चारण फ़्लूट (न कि फ़्ल्यूट), Virtue का उच्चारण वर्चू होता है (न कि वर्च्यू)। Rude का उच्चारण रूड होता है (न कि र्यूड)।
इसी कारण Rumour का उच्चारण भी रूमर ही होगा।
इन पाँच ध्वनियों के अलावा बाक़ी किसी ध्वनि के बाद u आए तो उसके उच्चारण में ‘य‘ लगा सकते हैं। Cute=क्यूट, Music=म्यूज़िक, Tube=ट्यूब आदि।
इन पाँच ध्वनियों को आप ‘जोशीले चार’ के नाम से याद रख सकते हैं। इनमें वे पाँचों ध्वनियाँ हैं जिनके बाद u आने पर उसका उच्चारण उ या ऊ होता है।
Leaf का उच्चारण है लीफ़ तो उसी की देखादेखी Deaf (वधिर, बहरा) को भी कई लोग डीफ़ बोलते हैं लेकिन उसका उच्चारण कुछ और है। Dumb (मूक, गूँगा) का उच्चारण भी डंब नहीं है। क्या है Deaf और Dumb का सही उच्चारण, यह जानने के लिए देखें साथ का विडियो या फिर नीचे पढ़ें।
Deaf का उच्चारण है डेफ़ और Dumb का उच्चारण है डम।
इसमें कोई अजीब बात नहीं है क्योंकि -ea- का उच्चारण ‘ई’ के साथ-साथ ‘ए’ भी होता है मसलन Health, Wealth, Bread, Head, Break, Great आदि। वैसे Deaf या Health के ऍ और Break या Great के एऽ में अंतर है। Deaf में ए छोटा है, जबकि Break में ए लंबा है। इसीलिए उसे ऍ और एऽ से दर्शाते हैं। इसके बारे में English Class 16 में विस्तार से चर्चा की गई है। उसमें –ea- के अलावा और भी कॉम्बिनेशन बताए गए हैं जहाँ छोटे ए (ऍ) या लंबे ए (एऽ) का उच्चारण होता है।
आज का शब्द है WhatsApp जिसे कई लोग वॉट्सअप कहते हैं जबकि इसका सही उच्चारण है वॉट्सऐप। यह सही है कि जब WhatsApp के संस्थापकों ने यह नाम रखा होगा तो उनके दिमाग़ में what’s up ही रहा होगा जिसका अर्थ है – क्या चल रहा है। लेकिन यह नाम किसी कारण से उपलब्ध नहीं रहा होगा और इसीलिए उन्हें उससे मिलते-जुलते नाम WhatsApp से ही संतोष करना पड़ा। परंतु केवल इसी कारण से हम WhatsApp का उच्चारण वॉट्सअप नहीं कर सकते।
Indigo एयरलाइंस का उदाहरण लीजिए। इसका IATA कोड है 6E। कई लोग कहते हैं कि यह उसने जानबूझकर चुना है ताकि यह सेक्सी जैसा साउंड कर सके। इसकी इन-फ़्लाइट मैगज़ीन का नाम भी Hello 6E है जो ‘हलो सेक्सी‘ से मिलता-जुलता है। इंडिगो कहता है कि यह कोड उसे IATA से मिला है और उसकी अपनी चॉइस नहीं है। हम नहीं जानते कि सच क्या है। लेकिन अगर 6E ‘सेक्सी’ जैसा साउंड करता है तो क्या हम Indigo 6E को इंडिगो सेक्सी बोल सकते हैं? नहीं बोल सकते।
इसी तरह WhatsApp को भी वॉट्सअप नहीं कहा जा सकता। ऑक्सफ़र्ड का ऑनलाइन शब्दकोश भी इसका उच्चारण वॉट्सऐप ही बताता है।